पीके पोस्टरः आमिर पर दर्ज होगी एफआईआर
जबलपुर की जिला अदालत ने आमिर की फिल्म 'पीके' के पोस्टर को लेकर पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने आमिर खान के साथ फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी और निर्माता विधु विनोद चोपड़ा समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
इस मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी। आपने पीके का पहला पोस्टर तो देखा ही होगा। इस पोस्टर में आमिर लगभग न्यूड दिखे हैं। इस पोस्टर के आने के बाद से ही आमिर खान लगातार सुर्खियों और विवादों में हैं।
सुप्रीम कोर्ट का इंकार
इस पोस्टर को अश्लील कहते हुए सुप्रीम कोर्ट में इस पोस्टर को हटाने और फिल्म की रिलीज रोकने की याचिका लगाई गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए आदेश दिया था कि पोस्टर एक फिल्म का है।
हो सकता है कि वह हिस्सा फिल्म से संबंध रखता हो। फिल्म एक रचनात्मक कार्य है। इसको बिना देखे इस पर रोक नहीं लगाई जा सकती। कोर्ट ने कहा था कि यदि आपको पसंद नहीं है तो आप यह फिल्म न देखें।