जब डिजाइनर ने मेधा शंकर को नहीं दी ड्रेस, एक्ट्रेस ने खोले इंडस्ट्री के गहरे राज; बोलीं- ‘मुझे नाम याद रहेगा’
Medha Shankr: मेधा शंकर इन दिनों अपनी अगली फिल्म को लेकर चर्चाओं में हैं। अब एक्ट्रेस ने इंडस्ट्री और फैशन डिजाइनर्स को लेकर बड़ा खुलासा किया है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
विक्रांत मैसी के साथ फिल्म '12वीं फेल' से नेशनल क्रश बनीं मेधा शंकर अब अपनी अगली फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' को लेकर चर्चाओं में हैं। यह एक फैमिली रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें अविनाश तिवारी उनके साथ नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान मेधा शंकर ने अपने साथ हुए उन घटनाक्रमों को याद किया, जहां उन्हें अपमानित महसूस कराया गया। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि एक बार एक डिजाइनर ने उन्हें लहंगा देने से भी इनकार कर दिया था।
डिजाइनर आपको ड्रेस नहीं देते
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में अभिनेत्री मेधा शंकर से पूछा गया कि क्या उन्हें कभी फिल्म सेट पर अपमानित महसूस हुआ है? इस पर एक्ट्रेस ने तुरंत नहीं में जवाब दिया। लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि कार्यक्रमों और अन्य स्थितियों में ऐसे कई मौके आए हैं, जब छोटा और हीन महसूस कराया गया। एक्ट्रेस ने कहा कि कार्यक्रमों में डिजाइनरों के साथ आप जानते हैं कि ‘यह डिजाइनर आपको अपना पहनावा नहीं देगा’ जैसी छोटी-छोटी बातें हम सब सुनते हैं।
बेशक इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन मुझे उनके नाम याद रहते हैं। ऐसा नहीं है कि मुझे कोई शिकायत है या कुछ और, लेकिन मुझे याद रहता है। ऐसा नहीं है कि यह व्यक्तिगत मामला है, क्योंकि आप जानते हैं कि यह एक प्रोटोकॉल है, लेकिन आप सोचते हैं, ‘यहां क्या हो गया?’ तो मुझे थोड़ा अजीब जरूर लगा।
सत्ता के आगे न झुकने वालों का सम्मान करते हैं अविनाश
बातचीत के दौरान मेधा की बात सुनकर अविनाश तिवारी ने कहा कि यह न केवल फिल्म इंडस्ट्री के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए सच है। जहां सत्ता में बैठे लोग अक्सर अपनी पसंद के अनुसार काम करने की उम्मीद करते हैं। हमने यह धारणा बना ली है कि एक व्यवस्था है, चीजें इसी तरह काम करती हैं, यही तंत्र है, यहीं से समस्या शुरू होती है। पहले ऐसा होता था कि अगर किसी को खरीदा नहीं जा सकता था, तो लोग उसका सम्मान करते थे। वह सम्मान अब खो गया है।
लेकिन जो लोग डटे रहे, मैं उनका सम्मान करता हूं क्योंकि वे टिके रहे, उन्होंने कभी भी व्यवस्था या सत्ता के आगे घुटने नहीं टेके। मुझे लगता है कि आपके पास कितना भी पैसा हो, आप मुझे खरीद नहीं सकते, तो आपकी सत्ता किस काम की? मैंने अपने जीवन को इसी तरह समझा है। लोग जो भी खेल खेल रहे हैं, मैं उन लोगों की वजह से यहां नहीं हूं। वह भी उन लोगों की वजह से यहां नहीं है। हर कोई अपनी प्रतिभा की वजह से यहां है, तो इतना डरने और इतना ज्यादा सोचने की क्या जरूरत है?
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर स्टारर ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्देशन प्रशांत झा ने किया है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया हासिल हुई है। अब दर्शक फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।