अश्लील बयानबाजी पर फंसे अर्जुन-रणवीर-करण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई में एआईबी नॉकआउट नाम के कार्यक्रम में चैरिटी के नाम पर फूहड़ व अश्लील बयानबाजी करने वाले अभिनेता अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह और निर्माता निर्देशक करण जौहर पर लगे आरोपों को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने सख्ती दिखाई है।
राज्य के शिक्षा व सांस्कृतिक मंत्री विनोद तावड़े ने सोमवार को मामले की जांच के आदेश दे दिए। तावड़े ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े ने तावड़े और मुंबई के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी।
इससे पहले इस मामले में ब्राह्मण एकता सेवा संस्थान के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी की लिखित शिकायत पर मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। चार पन्नों की लिखित शिकायत में तिवारी ने करण जौहर, अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह समेत कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
20 जनवरी को हुआ था यह कार्यक्रम
गौरतलब है कि बीते 20 जनवरी को दक्षिण मुंबई स्थित वरली के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में एआईबी नॉकआऊट नामक कार्यक्रम हुआ था जिसमें फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह और करण जौहर सहित फिल्म जगत की कई हस्तियों ने शिरकत की थी। इस कार्यक्रम में गाली गलौज की सारी हदें पार कर दी गई हैं।
इससे संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया यू-ट्यूब पर वायरल हुआ है जिसमें अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह मंच से अश्लील बातें करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में करण जौहर भी हैं जो कार्यक्रम का संचालन कर रहे हैं। फिल्मी अभिनेताओं के अलावा फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सोनाक्षी, आलिया भट्ट सहित कई फिल्मी सितारे कार्यक्रम में थे।
इस कार्यक्रम में बेहद अश्लील बातचीत को लेकर कृष्णा हेगड़े ने घोर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि चैरिटी के नाम पर यह अभिनेता बेहद फूहड़ और अश्लील बातें कर रहे हैं जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
हेगड़े का कहना है कि फिल्म के नायकों को अधिकांश लोग आदर्श मानते हैं क्योंकि वे फिल्मों में इनकी भूमिका से प्रभावित होते हैं। अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब यह नहीं हो सकता कि सरेआम गालीगलौज की जाए। इसलिए इन्हें भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना चाहिए।