'मैं एविएटर्स के परिवार में...' लारा दत्ता ने 93वें भारतीय वायु सेना दिवस पर पिता-दादा की वीरता को किया याद
93rd Indian Air Force Day 2025: बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता भूपति ने आज 93वें भारतीय वायु सेना दिवस 2025 के अवसर पर एक खास पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में लारा ने अपने पिता, दादा और बहन के बारे में पोस्ट शेयर किया है।
विस्तार
लारा दत्ता ने कैप्शन में लिखा, 'मैं एविएटर्स के परिवार में पली-बढ़ी हूं...। मेरे दादा चंद्र किशोर दत्ता ब्रिटिश ओवरसीज एयरवेज कॉर्पोरेशन के पायलट थे, जो बाद में ब्रिटिश एयरवेज बन गए। मेरे पिता विंग कमांडर एल. के. दत्ता (सेवानिवृत्त), वायु सेना (बार) वीरता पुरस्कार विजेता थे, जिन्होंने 1965 और 1971 दोनों युद्धों में अपने साहसी प्रयासों के लिए पदक जीते थे। उनके नक्शेकदम पर चलते हुए, मेरी बहन, स्क्वाड्रन लीडर चेरिल दत्ता भारतीय वायु सेना में कमीशन की गई महिला हेलीकॉप्टर पायलटों के पहले बैच का हिस्सा रहीं।
आगे लारा ने लिखा, 'वे कहते हैं कि उड़ान खून में दौड़ती है। भारतीय सशस्त्र बलों के बच्चे होने की मेरी पहचान को कुछ भी अलग नहीं कर सकता। इस 93वें भारतीय वायु सेना दिवस 2025 पर, मैं उन बहादुर वायु योद्धाओं को सलाम करती हूं, जो हमारे आसमान की रक्षा करते हैं और गर्व और गौरव के साथ देश की सेवा करते हैं।'
लारा दत्ता भूपति ने 2000 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीता। उसके बाद उन्होंने हिंदी फिल्मों में काम किया। लारा ने अपने अभिनय की शुरुआत 2003 में फिल्म 'अंदाज' से की थी। इसके बाद लारा ने 'मस्ती', 'नो एंट्री', 'भागम भाग', 'पार्टनर', 'हाउसफुल' जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया है।
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान की पत्नी गौरी का है 55वां जन्मदिन, नम्रता शिरोडकर से लेकर भावना पांडे और महीप कपूर ने दी शुभकामनाएं