बीपी सिंह: नहीं रहे 'सीआईडी' और 'आहट' जैसे चर्चित शो देने वाले निर्माता-निर्देशक, दिल का दौरा पड़ने से निधन
- 'सीआईडी' और 'आहट' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के निर्माता-निर्देशक बीपी सिंह नहीं रहे।
- बीपी सिंह का पूरा नाम बृजेंद्र पाल सिंह था। दिल का दौरा पड़ने के बाद उनका निधन हो गया।
- निर्माता-निर्देशक अशोक पंडित ने बीपी सिंह के निधन की पुष्टि की है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
विस्तार
फिल्म निर्माता-निर्देशक बृजेंद्र पाल सिंह नहीं रहे। आज 27 अक्तूबर को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उन्होंने 'सीआईडी' और 'आहट' जैसे चर्चित शो बनाए। वे 77 वर्ष के थे। बीपी सिंह का अंतिम संस्कार कल 28 अक्तूबर को किया जाएगा।
अशोक पंडित ने दी श्रदांजलि
अशोक पंडित ने बीपी सिंह को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, 'आज सुबह-सुबह हार्ट अटैक से एक जाने-माने प्रोड्यूसर डायरेक्टर बी.पी. सिंह जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक शानदार फिल्ममेकर, जिन्होंने अपने क्राइम शो सीआईडी और आहट से पूरे देश को दीवाना बना दिया। उनका काम आज भी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है और रहेगा।'
साझा किया पुराना किस्सा
अशोक पंडित ने एक किस्सा याद करते हुए लिखा है, 'जब वे भारतीय फिल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) के प्रेसिडेंट थे, तब मैं उनका बहुत करीबी साथी था। एक बेहतरीन इंसान और प्यारे दोस्त। एंटरटेनमेंट की दुनिया में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। परिवार और करीबी लोगों के प्रति गहरी संवेदना। अंतिम संस्कार 28 अक्टूबर को किया जाएगा। जल्द ही अन्य डिटेल्स साझा की जाएगी।
दो दशक तक चला था 'सीआईडी'
बीपी सिंह का जन्म देहरादून में हुआ था। उन्होंने भारतीय टेलीविजन का सबसे लंबे समय तक चलने वाला क्राइम शो 'सीआईडी' बनाया। यह शो साल 1998 में शुरू हुआ और दो दशकों तक चला। उन्होंने इस शो के सिर्फ निर्माण और निर्देशन की ही जिम्मेदारी नहीं निभाई थी, बल्कि समय-समय पर डीसीपी शमशेर सिंह चित्रोले का किरदार भी निभाया। साल 2010 में उनके शो की ओर से 'सीआईडी गैलेंट्री अवॉर्ड्स' की शुरुआत भी की गई थी।