Kohrra: बरुण सोबती की वेब सीरीज 'कोहरा' का ट्रेलर हुआ रिलीज, अब एनआरआई की मौत की गुत्थी सुलझाएंगे एक्टर
रणदीप झा द्वारा निर्देशित ‘कोहरा’ एक एनआरआई की मौत की जांच पर आधारित है, जिसके मौत के रहस्य को परत-दर परत खोजा जाता है और असल हत्यारे का पता लगाया जाता है। छह-एपिसोड के शो का उद्देश्य छिपे रहस्यों को उजागर करना है।
विस्तार
बरुण सोबती ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी, लेकिन अभिनेता ने जल्द ओटीटी पर डेब्यू कर सबको अपने अभिनय का दीवाना बना दिया है। बरुण के अभिनय को वेब सीरीज 'असुर' में काफी पसंद किया गया था। अब अभिनेता अपने आगामी प्रोजेक्ट को लेकर काफी सुर्खियों में चल रहे हैं। बरुण 'कोहरा' वेब सीरीज में नजर आने वाले हैं, जिसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। रिलीज होने के साथ ही यह दर्शकों के बीच काफी वायरल भी हो रहा है।
कोहरा का ट्रेलर हुआ रिलीज
‘असुर’ की सफलता के बाद अब बरुण से दर्शकों ने काफी उम्मीदें करना शुरू कर दिया है। वेब सीरीज ‘कोहरा’ एक एनआरआई की मौत के खोज पर आधारित है। एनआरआई की मौत से पहले उसका शव खोजने की इस कोशिश को इस वेब सीरीज में बखूबी तौर पर दिखाया जाएगा। रणदीप झा द्वारा निर्देशित ‘कोहरा’ एक एनआरआई की मौत की जांच पर आधारित है, जिसके मौत के रहस्य को परत-दर परत खोजा जाता है और असल हत्यारे का पता लगाया जाता है। छह-एपिसोड के शो का उद्देश्य छिपे रहस्यों को उजागर करना है।
एनआरआई की मौत पर आधारित है वेब सीरीज
इस वेब सीरीज में सुविंदर विक्की, बरुण सोबती, वरुण बडोला और हरलीन सेठी सहित अन्य कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। दो मिनट का ट्रेलर एनआरआई की हत्या से शुरू होता है। इसके अलावा एक और लापता व्यक्ति के बारे में संकेत देता है क्योंकि सुविंदर विक्की और बरुण सोबती की इस वेब सीरीज में दो पुलिसकर्मी हत्यारे को पकड़ने के लिए अपनी तलाश शुरू करते हैं और अपने प्यार और रिश्तों को भी आगे बढ़ाते हैं।
इस दिन होगी स्ट्रीम
आपको बता दें कि कोहरा को गुंजित चोपड़ा और दिग्गी सिसोदिया ने लिखा है, जिसमें कर्णेश शर्मा कार्यकारी निर्माता के रूप में जुड़े हुए हैं। शो की स्ट्रीमिंग 15 जुलाई से शुरू होगी। फैंस इस सीरीज को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।