'हीरो' बनाकर मुश्किल में सलमान खान, हो सकता है मुकदमा
सलमान खान के होम प्रोड्क्शन की फिल्म हीरो बनकर तैयार हो चुकी है। अगले महीने फिल्म रिलीज होगी। फिल्म में सुनील शेट्टी की बेटी अथिया और आदित्य पंचोली के बेटे सूरज अपने-अपने करियर की शुरूआत कर रहे हैं। सलमान भी इस फिल्म को लेकर काफी सीरियस हैं। उन्होने फिल्म में गाना भी गाया है।
लेकिन अब फिल्म निर्माताओं के सामने एक मुश्किल आ गई है। 1983 में आई हीरो के असली स्क्रिप्ट राइटर के परिवार का कहना है, कि उनके साथ धोखा हुआ है। उन्हे रॉयल्टी देने की बात कही गई थी। लेकिन अब तक कुछ भी नहीं मिला है। इसको लेकर उन्होने शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल 'हीरो' 1983 में इसी नाम से बनी फिल्म का रीमेक है। जिसकी स्क्रिप्ट राम केलकर ने लिखी थी, राम केलकर की मौत के बाद अब उनके वारिसों ने 'हीरो' को दोबारा बनाने पर रॉयल्टी की मांग की थी। लेकिन उन्हे कोई पैसा नहीं दिया गया।
सुभाष घई और सलमान को बताया आरोपी
मिड डे में छपी खबर के मुताबिक, केलकर के परिवार वालों ने रॉयल्टी की मांग को लेकर सुभाष घई और सलमान खान के खिलाफ शिकायत की है। जिससे सलमान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 1983 में बनी हीरो को सुभाष घई ने निर्देशित किया था, जबकि इस बार सुभाष घई और सलमान फिल्म के प्रोड्यूसर हैं।
हीरो के स्क्रिप्ट राइटर राम केलकर के परिवार के लोग इस मामलें में लंबी लड़ाई का मन बना चुके हैं। केलकर परिवार के एक करीबी ने ये बात कही है। फिल्म 11 सिंतबर को रिलीज होनी है। अब राम केलकर के परिवार की आपत्ति के बाद क्या फिल्म की रिलीज आगे बढ़ेगी? इस पर कुछ कहना तो अभी जल्दबाजी होगी। लेकिन फिल्म को लेकर जिस तरह से सलमान खान सीरियस है, उससे ये उनके लिए झटका जरूर है।