करीना कपूर की जिंदगी में लौट आई है बहार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड में चीजें बनती-बिगड़ती रहती हैं। चाहे वे फिल्मों के प्लॉट हों या यहां काम करने वालों के रिश्ते। पिछले कुछ महीनों से निर्माता-निर्देशक करन जौहर और अभिनेत्री करीना कपूर खान के बीच खटपट की खूब बातें हो रही थीं।
करन जौहर की दो फिल्में ऐसी थीं, जिनमें करीना को महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभानी थीं और एक-एक करके दोनों के बंद हो जाने की बातें आ रही थीं। दोनों दिग्गजों के बीच इन फिल्मों को लेकर तनाव भी बहुत था, परंतु अब खबर है कि मामला ठीक हो गया है।
करन जौहर की महत्वांक्षी फिल्म ‘शुद्धि’ में तो करीना की वापसी का समाचार है ही, खबर यह भी है कि करन-एकता कपूर की फिल्म ‘बदतमीज दिल’ की शूटिंग इस साल शुरू हो जाएगी। फिल्म में इमरान हाशमी और करीना कपूर रहेंगे।
अधर में लटक गईं थीं कई फिल्में
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले ऋतिक रोशन के ‘शुद्धि’ छोड़ देने के बाद यह फिल्म अधर में लटक गई थी। इसमें करीना ऋतिक की हीरोइन थीं। उन्होंने शूटिंग के लिए एक साथ 200 दिनों की तारीख दी थी।
ऋतिक के फिल्म छोड़ने से नाराज करीना ने करन तथा फिल्म दोनों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से टिप्पणियां की थीं, जिससे करन नाराज हो गए थे। उन्होंने करीना को अपनी फिल्म से निकाल दिया था। परंतु अब सूत्र खबर लाए हैं कि स्थितियां बदल गई हैं।
न केवल करन और बेबो के बीच बातचीत हो गई है, बल्कि सलमान खान को ‘शुद्धि’ का हीरो बना दिया गया है। करन इस फिल्म को 2015 में रिलीज करने की योजना पर अमल करने में लग गए हैं।
समझदार हैं करीना कपूर
सूत्र कह रहे हैं कि करन और करीना बहुत ही समझदार हैं और उनके बीच मतभेद कभी इतने नहीं बढ़े थे कि वे बातों को दिल पर ले लें। करन ने हमेशा करीना को अपनी बहन की तरह बताया है और उन्होंने चार फिल्में साथ की हैं। जिसमें ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी ब्लॉकबस्टर शामिल है।
जानकारों के अनुसार पिछली फिल्म ‘गोरी तेरी प्यार में’ के बॉक्स ऑफि पर लुढ़क जाने के कारण दोनों के समीकरण थोड़े गड़बड़ाए थे। सूत्रों की मानें तो खुद करन ने इस बार पहल की और करीना को ‘शुद्धि’ में काम करने के लिए मनाया है। वैसे पहले भी ऋतिक के साथ काम करने का प्रस्ताव करन का था, जिस पर करीना ने अपने पति सैफ अली खान से बात करने के बाद हरी झंडी दी थी। एक वक्त ऋतिक के लिए करीना की दीवानगी किसी से छुपी नहीं थी।
करीना को देनी पड़ी थी सफाई
उल्लेखनीय है कि करन ने ऋतिक और करीना के इस प्रोजेक्ट से हट जाने के बाद कई नामों पर विचार किया था, जिनमें रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण शामिल थे। परंतु इन दोनों ने ‘शुद्धि’ करने के बजाय संजय लीला भंसाली की ‘बाजीराव मस्तानी’ को अपनी तारीखें देना बेहतर समझा। इसके बाद करन ने सलमान खान से बात की और करीना से भी। दोनों राजी बताए जा रहे हैं। वैसे करीना के साथ करन के संबंध बिगड़ने की बातें उस वक्त तेज हो गई थीं, जब करन के जन्मदिन पर करीना नहीं पहुंची।
बाद में करीना ने मीडिया से कहा कि वह ‘सिंघम 2’ की शूटिंग के लिए गोवा में थीं, इसलिए इस स्टार प्रोड्यूसर-डायरेक्टर की पार्टी में नहीं पहुंच सकीं। करीना और करन के बीच सारा मामला सुलझने के संकेत उस वक्त मिले थे जब फिल्म ‘हम्टी शर्मा की दुल्हनिया’ में मीडिया आलिया भट्ट की तुलना करीना कपूर से कर रहा था और करन ने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री में एक ही करीना है और वह मेरे बहुत करीब है।
इमरान के साथ भी जोड़ी
इस बीच इमरान हाशमी और करन को लेकर करन जौहर और एकता कपूर द्वारा संयुक्त रूप से बनाई जा रही ‘बदतमीज’ दिल भी पटरी पर लौट आई है। फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होनी थी, मगर इसकी स्क्रिप्ट को लेकर निर्माता खुश नहीं थे। फिर इमरान अपने बेटे को कैंसर हो जाने के कारण परेशान थे। लगातार देरी के कारण दोनों सितारों ने यह फिल्म छोड़ दी थी। ऐसे में यह फिल्म लटक गई थी। परंतु अब सूत्र बता रहे हैं कि फिल्म की स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दिया जा चुका है और निर्माता जोड़ी इसकी शूटिंग की तैयारियों में लग गई है।
यह फिल्म क्लासिक अंग्रेजी राइटर विलियम मैकपीस थैकरे के कालजयी उपन्यास ‘वेनिटी फेयर’ पर आधारित है। फिल्म के लिए इस उपन्यास की कहानी का भारतीयकरण कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग दिल्ली में की जाएगी और अगले साल इसे रिलीज किया जाएगा।
दोनों फिल्मों के शुरू होने से अगर सबसे ज्यादा कोई खुश बताया जा रहा है, तो वह करीना कपूर हैं क्योंकि एक के बाद एक फिल्में बंद होने के कारण उनके कैरियर पर संकट के बादल मंडराने की चर्चाएं होने लगी थीं। लेकिन अब फिर से सब पटरी पर लौटता लग रहा है। करीना के चाहने वालों को भी इससे राहत मिलेगी। खबरों की इन फुहारों के बाद उन्हें मौसम सुहाना लगेगा।