RRR: 'आरआरआर' की सफलता के बाद एसएस राजामौली की फैन बनीं कंगना, बोलीं- भारतीय सिनेमा के सबसे महान निर्देशक हैं आप
जूनियर एनटीआर और राम चरण स्टारर फिल्म ‘आरआरआर’ अब तक 600 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। फैंस से लेकर बॉलीवुड तक हर जगह फिल्म की तारीफ हो रही है। अब बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत भी फिल्म के निर्देशक की प्रशंसा करते नहीं थक रही हैं।
विस्तार
एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के बाद से ही अपना कमाल दिखा रही है। जूनियर एनटीआर और राम चरण स्टारर फिल्म अब तक 600 करोड़ रुपये की कमाई भी कर चुकी है। ‘बाहुबली’ को मिली सफलता के बाद से ही दर्शकों की राजामौली से’ आरआरआर’ को लेकर काफी उम्मीदें थी, जिन पर वह बखूबी खरा उतरे हैं। फैंस से लेकर बॉलीवुड तक हर जगह फिल्म की तारीफ हो रही है। इस लिस्ट में अब बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने फिल्म के निर्देशक राजामौली की जमकर प्रशंसा की और खुद को उनका फैन बताया।
कंगना रणौत ने एसएस राजामौली की तारीफ करते हुए अपने इंस्टग्राम अकाउंट पर दो स्टोरी शेयर की हैं। कंगना ने लिखा कि एसएस राजमौली सर ने ये साबित कर दिया है कि वह भारतीय सिनेमा के सबसे महान निर्देशक हैं। उन्होंने आज तक कभी भी कोई असफल फिल्म नहीं दी है।

इसके आगे कंगना ने कहा कि फिर भी उनके बारे में सबसे अच्छी बात उनकी सफलता नहीं बल्कि एक कलाकार के रूप में उनकी विनम्रता और एक व्यक्ति के रूप में उनकी सादगी, अपने राष्ट्र और धर्म के लिए उनका प्यार है। आप जैसा रोल मॉडल पाकर मुझे बहुत अच्छा लगा सर...आपकी फैन। इसके साथ ही कंगना ने एक और स्टोरी लगाई, जिसमें वह अपने फैंस से कहती हैं कि मैं कल अपने परिवार के साथ 'आरआरआर' देखने जाऊंगी। आप कब देखने वाले हैं?
