Kajol: काजोल और बहन तनीषा ने मां तनुजा को गिफ्ट किया आलीशान बंगला, भावुक हुईं एक्ट्रेस
अभिनेत्री काजोल और उनकी बहन तनीषा मुखर्जी ने अपनी मां को उनके सपनों का घर खरीदकर दिया है। साझा किए गए वीडियो में तीनों को बेहद खुश देखा जा सकता है।
विस्तार
अभिनेत्री काजोल और उनकी बहन तनीषा बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर सिस्टर जोड़ी में से एक हैं। उनकी बॉन्डिंग देखते ही बनती है। अब हाल ही में दोनों बहनों ने अपनी मां तनुजा को एक शानदार सरप्राइज दिया, जो किसी भी मां के लिए खुशी के साथ ही बेहद गर्व की बात होगी। दरअसल एक्ट्रेसेस ने अपनी मां को उनके सपनों का घर खरीदकर दिया है। साझा किए गए वीडियो में तीनों को बेहद खुश देखा जा सकता है।
मां तनुजा से आठ महीनों तक छिपाकर रखी घर की बात, दिया सरप्राइज
अभिनेत्री काजोल और तनीषा ने अपनी मां के लिए यह घर एक सरप्राइज रखा था। दोनों ने उनसे इसे आठ महीनों तक छिपाया जब तक कि घर का काम पूरा नहीं हो गया। एक्ट्रेस तनीषा ने पोस्ट साझा कर खुद इस बात की जानकारी दी है। यह घर मुंबई के लोनावला में स्थित है। वीडियो में काजोल, तनीषा और उनकी मां अभिनेत्री तनुजा को साथ में घर का रिबन काटते देखा जा सकता है। इसके बाद तीनों खुशी से उछलती नजर आईं।
सबसे खास बात रही कि जब काजोल और उनकी मां व बहन तनीषा ने घर के अंदर प्रवेश किया तो उन्होंने सबसे पहले चप्पल उतारकर जमीन को छुआ। इसके बाद तीनों को खुशी से काफी भावुक भी देखा गया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस भी उन्हें बधाई देते नजर आ रहे हैं और अपना प्यार बरसा रहे हैं।
प्रशंसकों ने बरसाया प्यार
वीडियो देखने के बाद एक प्रशंसक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कमेंट सेक्शन में लिखा, "एक मां जिसके पास दो एंजल हैं, वह इतनी अच्छी काजोल और तनीषा गॉड ब्लेस यू, आप दोनों बहुत खुशकिस्मत हैं जो इतनी अच्छी मां मिली हैं।" वहीं दूसरे ने कमेंट किया, "किसी भी माता-पिता के लिए सबसे संतोषजनक तोहफा, उनके (तनुजा) के लिए गर्व का क्षण।" इसी तरह से बाकी फैंस भी तारीफों के पुल बांधते नजर आ रहे हैं।