Juhi Parmar: 'एक ऐसे सफर पर निकल रही हूं, जहां', अपने नए शो 'कहानी हर घर की' को लेकर जूही परमार ने जताई खुशी
Kahani Har Ghar Ki: अभिनेत्री जूही परमार अपने नए शो को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। शो का नाम है 'कहानी हर घर की'। आज शनिवार को पोस्ट शेयर कर उन्होंने इस बारे में जानकारी शेयर की है।
विस्तार
अभिनेत्री जूही परमार ने 'कुमकुम' सीरियल के जरिए छोटे पर्दे की दुनिया में खूब लोकप्रियता बटोरी। अभिनेत्री लंबे अरसे बाद एक नए शो में नजर आएंगी। उनके शो का नाम है, 'कहानी हर घर की'। जूही ने आज शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस शो के बारे में डिटेल शेयर की है। साथ ही अपनी खुशी का इजहार किया है।
जूही ने शेयर किया पोस्ट
जूही परमार ने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लंबा नोट लिखा है। एक्ट्रेस ने लिखा है, 'एक ऐसे सफर पर निकल रही हूं, जिसका मैंने लंबे समय से सपना देखा था। ऐसा लगता है, जैसे वो सितारो में लिखा हो। वो कहते हैं, 'खुद को जाहिर करो, और तुम आधे रास्ते पर पहुंच ही गए हो... और आज, मुझे सच में इस पर यकीन है'।
'शो का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं'
आगे लिखा है, 'मैं एक ऐसे शो का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं, जो मेरे दिल के भी बहुत करीब है। 'कहानी हर घर की', एक ऐसा मंच जहां, आवाजें सुनी जाती हैं। कहानियां साझा की जाती हैं और सच्ची मदद की जाती है। एक ऐसा शो जो सिर्फ समस्याओं के बारे में नहीं, बल्कि उम्मीद, मरहम लगाने और आगे बढ़ने की ताकत पाने के बारे में है'। बता दें कि यह शो जीटीवी पर शुरू होगा।
कहां और कब देख सकेंगे शो?
जूही परमार ने लिखा है, 'बेशुमार प्यार और कृतज्ञता के साथ मैं इस किरदार में न सिर्फ एक एंकर के रूप में, बल्कि एक ऐसे इंसान के रूप में कदम रख रही हूं, जो सचमुच परवाह करता है। सुनने, समझने और उन कहानियों के जरिए साथ-साथ चलने के लिए, जो हमें वो बनाती हैं जो हम हैं'। बता दें कि जूही परमार इस शो की होस्ट हैं। यह शो 01 सितंबर से सोमवार से शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे जीटीवी पर प्रसारित होगा।