Rocket Boys: जिम सर्भ और इश्वाक ने साझा किए अपने लुक, सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ में बने भाभा और साराभाई
- वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ जल्द ही ओटीटी सोनी लिव पर रिलीज होगी।
- इस सीरीज में अभिनेता जिम सर्भ और इश्वाक सिंह टाइटल रोल करते नजर आएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेता से निर्देशक बने आर माधवन की फिल्म ‘रॉकेट्री’ का ट्रेलर सुपरहिट रहा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी तारीफ की और वह खुद भी इस सिलसिले में माधवन से दिल्ली में मिले। अंतरिक्ष को टटोलती फिल्म ‘मिशन मंगल’ भी कामयाब रही। और, अब बारी है वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ की। फिल्म ‘रॉकेट्री’ के ट्रेलर को देश दुनिया में मिले जबर्दस्त रेस्पॉन्स ने उन तमाम फिल्म निर्माताओं का हौसला बढ़ाया है जो अरसे से वैज्ञानिकों से जुड़ी कहानियों को परदे पर पेश करना चाहते रहे हैं। वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ के बारे में ‘अमर उजाला’ ने ही आपको सबसे पहले जानकारी दी थी कि ये सीरीज होमी जहांगीर भाभा और विक्रम साराभाई की उपलब्धियों की कहानियां मनोरंजन तरीके से दुनिया के सामने पेश करेगी। वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ जल्द रिलीज होगी ओटीटी सोनी लिव पर और इसमें अभिनेता जिम सर्भ और इश्वाक सिंह टाइटल रोल करते नजर आएंगे।
देश में मनोरंजन की दुनिया को ज्यादा से ज्यादा देसी बनाने के लिए मेहनत कर रहे ओटीटी सोनीलिव ने अब देश दुनिया को भारतीय वैज्ञानिकों की एक अनछुई और अनदेखी कहानी दिखाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ में भारत के सबसे प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों के जीवनकथा प्रस्तुत की जाएगी। होमी भाभा और विक्रम साराभाई ने देश के विकास की एक ऐसी परिकल्पना दशकों पहले पेश की थी जिसमें न केवल दूरदर्शिता थी बल्कि उसमें उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस भी था।
शो के बारे में चर्चा चलने पर अभिनेता जिम सर्भ कहते हैं, ''इन दिनों जैसा अजीबोगरीब समय चल रहा है उसमें विज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार की प्रासंगिकता के साथ साथ जीवनरक्षक तकनीक की जरूरतें लोगों के सामने और बेहतर तरीके से स्पष्ट हो गई हैं। ब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ विक्रम साराभाई और होमी भाभा की कहानी है जो भारतीय वैज्ञानियों की दुनिया के नक्षत्र बन चुके हैं। मुझे उम्मीद है कि उनकी कहानी आने वाली पीढि़यों के वैज्ञानिकों, अनुसंधानकर्ताओं और कुछ नया करने वालों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी।''
वहीं शो के दूसरे कलाकार इश्वाक सिंह मानते हैं कि एक कलाकार के लिए ऐसे चरित्रों को करने का मौका मिलना ही बड़ी जीत है। ये इतने प्रतिष्ठित और देश के इतिहास में गहराई से निहित किरदार हैं जिन्हें निभाना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। वह कहते हैं, ‘मुझे उम्मीद है कि मैं वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ में विक्रम साराभाई की भूमिका के साथ न्याय करने में सक्षम रहा। इस शो में काम करना एक अच्छा अनुभव रहा है। अब बस मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।‘
वेब सीरीज ‘रॉकेट ब्वॉयज’ के निर्देशक हैं अभय पन्नू और इसे सिद्धार्थ रॉय कपूर, मोनिशा आडवाणी, मधु भोजवानी और निखिल आडवाणी ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ओटीटी सोनी लिव के इस साल के बड़े शोज में ‘रॉकेट ब्वॉयज’ का नंबर सबसे ऊपर रहा है। ये ओटीटी अक्टूबर महीने में अपने अंतर्राष्ट्रीय लॉन्च की तैयारी कर रहा है। इसने देसी कहानियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दिखाने की तैयारी पिछले साल भर से जारी रखी है। सोनी लिव से पहले यही काम जी5 कर रहा था।