Jigra Controversy: 'जिगरा' को 'सावी' की कॉपी बताने पर वासन बाला ने तोड़ी चुप्पी, बोले- खुद देखें और मन बनाएं
आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा' लगातार विवादों में घिरी हुई है। फिल्म पर दिव्या खोसला कुमार की फिल्म 'सावी' को कॉपी करने का आरोप है। अब इस विवाद पर 'जिगरा' के निर्देशक वासन बाला ने चुप्पी तोड़ी है।
विस्तार
बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और वेदांत रैना की फिल्म 'जिगरा' 11 अक्तूबर को सिनेमाघर में रिलीज हुई थी। फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुछ खास नहीं रहा लेकिन आलिया की यह फिल्म विवादों में लगातार घिरी हुई है। कुछ वक्त पहले एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार ने 'जिगरा' के निर्माताओं पर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में हेराफेरी करने और उनकी फिल्म 'सावी' को कॉपी करने का आरोप लगाया था। एक्ट्रेस के आरोपों पर अब 'जिगरा' के निर्देशक वासन बाला ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनका कहना है कि दोनों फिल्मों को देखने के बाद ही कोई फैसला लेना ठीक होगा।
'जिगरा' के विवाद पर तोड़ी चुप्पी
एक मीडिया बातचीत में निर्देशक वासन बाला ने विवादों में घिरी अपनी फिल्म 'जिगरा' पर बात की। उन्होंने कहा, 'दोनों ही फिल्में अब रिलीज हो गई हैं और सार्वजनिक डोमेन में पहुंच गई हैं। कृपया आप फिल्मों को देखें और अपना मन बनाएं। बोलने की आजादी है, इसलिए सभी को बोलने का पूरा अधिकार है कि उन्हें क्या कहना है। दोनों फिल्मों को देखने से किसी को रोका नहीं जा सकता है।'
बॉक्स ऑफिस पर रहा खराब प्रदर्शन
जाहिर है कि आलिया भट्ट की फिल्म 'जिगरा' का बॉक्स ऑफिस पर काफी खराब प्रदर्शन रहा है। इसका पूरा दोष खुद पर लेते हुए वासन बाला ने कहा, 'बॉक्स ऑफिस ने हमें गिराया है। एक निर्देशक के नाते अगर क्रिएटिविटी के हर विभाग को लेकर मुझ पर 100 फीसदी भरोसा है तो फिर बॉक्स ऑफिस पर भरोसा करना ही होगा। हालांकि यह स्पष्ट रूप से मेरे मोर्चे पर निराशा की तरह है।'
Zeenat Aman: जीनत अमान को कैसे मिली थी सत्यम शिवम सुंदरम, पोस्ट में सुनाया दिलचस्प किस्सा
साहित्यिक चोरी पर दी प्रतिक्रिया
फिल्म 'जिगरा' पर 'सावी' की कॉपी का आरोप लगने पर वासन बाला ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'जिस वक्त मैं जिगरा की कहानी लिख रहा था, तब सावी बाहर आई थी।' जाहिर है कि फिल्म जिगरा पर सिर्फ साहित्यिक चोरी का आरोप नहीं लगा है बल्कि फिल्म की कास्टिंग टीम को मणिपुर के अभिनेता बिजौ थांगजाम ने गैर-पेशेवर व्यवहार बताते हुए फटकार लगाई थी। साथ ही पूर्वोत्तर भारत के अभिनेताओं के प्रति भेदभाव के लिए फिल्म की आलोचना की गई थी।
Ranbir Kapoor: ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ देखने के लिए हो जाए तैयार, इस दिन सिनेमाघरों में दोबारा देगी दस्तक
क्या है फिल्म 'सावी' की कहानी
गौरतलब है कि दिव्या खोसला कुमार की फिल्म 'सावी' इस साल 31 मई को रिलीज हुई थी, जिसमें हर्षवर्धन राणे और अनिल कपूर भी अहम किरदार में हैं। फिल्म की कहानी एक महिला पर आधारित है, जो इंग्लैंड की जेल में बंद अपने पति को छुड़वाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। वहीं आलिया भट्ट की जिगरा की बात करें तो इस फिल्म में आलिया सत्या के किरदार में हैं, जिसका भाई अंकुर ड्रग केस के चलते विदेशी जेल में बंद है। उसे छुड़ाने के लिए सत्या किस अंजाम तक जा सकती है, यह फिल्म में बखूबी दिखाया गया है।
VVKWWV BO Collection Day 12: विक्की विद्या की उम्मीदों ने तोड़ा दम, 12वें दिन दर्शक जुटाने में विफल रही फिल्म