क्या रेखा अपने इस 'अपमान' का जवाब देकर रहेंगी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म सुपर नानी को लोगों ने पसंद नहीं किया। इसके चाहे जो कारण रहे हों, परंतु निर्देशक इंद्र कुमार की बहन अभिनेत्री अरुणा ईरानी फिल्म की मुख्य हीरोइन रेखा से बहुत खफा हैं। क्यों?
एक अर्से के बाद पर्दे पर आने वाली सदाबहार अभिनेत्री रेखा की फिल्म सुपर नानी का इंतजार लोगों को था। परंतु फिल्म 31 अक्तूबर को आई और बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रही। दर्शक फिल्म देख कर निराश हुए।
इस बात पर भले ही निर्माता-निर्देशक इंद्र कुमार चुप हैं, लेकिन उनकी बहन अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने फिल्म में नानी बनीं रेखा को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। फिल्म की नाकामी के लिए रेखा को जिम्मेदार बताते हुए अरुणा ने कहा है कि उन्होंने फिल्म के प्रमोशन में गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया।
जिससे न केवल खुद रेखा को नुकसान हुआ, बल्कि उससे बड़ा नुकसान इंद्र कुमार को उठाना पड़ा। शुक्रवार को रिलीज हुई अपनी मराठी फिल्म बोल बेबी बोल से पहले हुई एक मुलाकात में अरुणा ईरानी ने कहा कि रेखा ने फिल्म में जिस तरह से अपना मेक-अप कराया, वह आश्चर्यजनक है। वह कहानी के हिसाब से बिल्कुल गैर जरूरी था। फिल्म में रेखा को नानी जैसी दिखना था और वह जवां मॉडल बनी थीं।
रेखा नहीं थी किरदार में?
अरुणा ने कहा, ‘मैंने पहली बार रेखा को देखा कि उन्होंने फिल्म में अपना केरेक्टर प्ले नहीं किया।’ उनके अनुसार, ‘मुझे याद है कि रेखा ने फिल्म की थी, जुदाई। जिसमें वह अरुण गोविल की मां बनी थीं। रेखा अगर वही गेट-अप कर लेतीं तो सुपर नानी में अच्छा लगता।
परंतु बात यह है कि तब वह जवान थीं और दुनिया को दिखा चाहती थीं कि मैं बूढ़ी का रोल कितना अच्छा कर लेती हूं। लेकिन अब उम्र हो गई तो ये नहीं दिखाना चाहती कि बूढ़ी हो गई हूं।’ अरुणा ईरानी ने सवाल उठाया कि रेखा कैसे किसी की फिल्म के साथ खिलवाड़ कर सकती हैं?
सिर्फ खुद को प्रमोट किया
रेखा पर हमलावर होते हुए अरुणा यहीं नहीं ठहरीं। टीवी पर फिल्म प्रमोशन के लिए रियलिटी शो बिग बॉस और कपिल शर्मा के शो में आई रेखा के अंदाज पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘दोनों शो में रेखा ने फिल्म की जगह खुद को प्रमोट किया।
अपने गीत गाती रहीं, अपना टेलेंट दिखाती रहीं, ‘गुजरी यादों’ को लोगों के सामने लाती रहीं। सबने देखा कि वह किस तरह से अपने पुराने रोमांस का दुनिया के सामने प्रदर्शन कर रही थीं।’
अरुणा के अनुसार, किसी का भी यह सोचना गलत है कि एक मैं ही सुपरस्टार हूं और दुनिया में मेरे जैसा कोई दूसरा हुआ ही नहीं। उन्होंने कहा कि पूरी फिल्म के दौरान रेखा का जो रवैया था, उसे ही देखकर नए लोग पुराने कलाकारों के साथ काम करने से डरते हैं। पुराने कलाकार नए लोगों बात नहीं सुनते। जबकि पुराने कलाकारों को नए लोगों को काम करने का सहज महौल देना चाहिए।
सुपर नानी में बदनाम कौन?
जब आप ऐसा नहीं करते तो आपकी फिल्म नहीं चलती। आप बदनाम होते हैं। सुपर नानी में बदनाम कौन हुआ।।। रेखा! परंतु जब अरुणा ईरानी से कहा गया कि अमिताभ बच्चन के साथ तो आज हर युवा निर्देशक काम करना चाहता है तो उन्होंने कहा कि वे कमाल के व्यक्ति हैं। वह निर्देशक की मर्जी से काम करते हैं।
उससे पूछते हैं कि वह क्या चाहता है। जब अरुणा ईरानी से बॉम्बे टू गोवा के दिनों के बारे में पूछा गया कि तब के और आज के अमिताभ में क्या फर्क है तो उन्होंने कहा, ‘जितने सम्मान से वे तब मिलते थे आज भी उतने ही सम्मान से मिलते हैं।
पहले भी वे मजाक और फालतू बातें नहीं करते थे और आज भी नहीं करते हैं। वह लीजंड हैं। उनके मन में महिलाओं के लिए बहुत सम्मान है। सारे ऐक्टर उनके जैसे नहीं होते हैं।’