इस नन्हें कलाकार ने की 'छपाक' को लेकर भविष्यवाणी, खुश हुईं दीपिका
हिंदी सिनेमा की नंबर वन अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपनी फिल्म 'छपाक' के प्रमोशन के लिए इस हफ्ते इंडियन आइडल के सेट पर जा पहुंची। मंच पर एक प्रतियोगी रिधम कल्याण ने दीपिका की फिल्म छपाक और उनके पति रणवीर सिंह को लेकर एक भविष्यवाणी कर दी। जिसे सुनकर दीपिका बहुत खुश हुईं और भविष्यवाणी पर सहमति भी जताई।
इंडियन आइडल सीजन 11 के पंजाबी मुंडे रिदम कल्याण ने मेहमान के रूप में पधारीं दीपिका के सामने उनके गाने 'जुगनी' और 'हीर तो बड़ी सैड है' पर शानदार प्रस्तुति दी। रिदम के जोश के साथ गाए गाने को सुनकर दीपिका झूमने पर मजबूर हो गईं। उन्होंने रिदम की प्रस्तुति की तारीफ करते हुए बोला, 'मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मैं बहुत बड़े किसी रॉकस्टार को सुन रही हूं। आपकी आवाज जितनी शानदार है, उतना ही शानदार आपके प्रस्तुत करने का ढंग है। मुझे आपकी गायिकी बहुत पसंद आई।'
रिदम कल्याण को इस शो में कल्याण बाबा भी कहते हैं, क्योंकि वह सभी के बारे में भविष्यवाणी बहुत करते हैं। उन्होंने अपनी प्रस्तुति के बाद दीपिका की फिल्म के बारे में भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आपकी फिल्म 'छपाक' बहुत बड़ी हिट होगी। इसके बाद उन्होंने दीपिका के पति को लेकर दीपिका के मन की बात बताते हुए कहा की दीपिका चाहती हैं कि उनके पति रणवीर सिंह अच्छे कपड़े पहनना शुरू करें। इस बात पर सभी हंस दिए और दीपिका ने भी हंसते हुए सहमति जताई।
दीपिका अपनी आगामी फिल्म 'छपाक' को लेकर बहुत उत्साहित और गंभीर हैं। क्योंकि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है तो इसको लेकर वह कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं। इसलिए वह हर जगह अपनी फिल्म का प्रमोशन कर रही हैं। यह फिल्म अगले हफ्ते रिलीज होगी।
पढ़ें: 'जवानी जानेमन' के नए पोस्टर में कॉलेज लुक में नजर आईं आलिया फर्नीचरवाला