IIFA 2023: अगले आईफा अवॉर्ड में नाचेंगे रणवीर सिंह, शुरू हो गईं गानों पर रिहर्सल की तैयारियां
अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार का आयोजन 11 फरवरी को अबू धाबी के पास यस आईलैंड में होने वाला है।
विस्तार
इंडियन इंटरनेशनल फिल्म एकेडमी (आईफा) के अगले साल अबू धाबी में होने जा रहे 23वें संस्करण में मंच पर अपनी प्रस्तुति देने के लिए भारतीय सिनेमा के नंबर वन ब्रांड रणवीर सिंह ने हां कर दी है। अबू धाबी के पास बसे जिस यस आईलैंड पर ये कार्यक्रम होना है, रणवीर उसके ब्रांड एंबेसडर भी है। 22वें आईफा पुरस्कार भी अबू धाबी में ही हुए थे।
ऐसा पहली बार हो रहा है जब विदेश में किसी शहर को इन पुरस्कारों की मेजबानी लगातार दो बार सौंपी गई हो। आईफा पुरस्कारों के दौरान रणवीर की प्रस्तुति एतिहाद एरेना में होगी और इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्सुकता इतनी है कि इसकी टिकटों की बिक्री अभी से शुरू हो चुकी है।
इस बारे में रणवीर सिंह कहते हैं, ‘मैं आईफा में फिर एक बार अपनी मंचीय प्रस्तुति करने जा रहा हूं और इस बार मैं इसलिए भी ज्यादा उत्साहित हूं क्योंकि मैं यस आईलैंड पर ये पेशकश देने वाला हूं। ये मेरे लिए घर जैसा है। दुनिया की एक बेहतरीन और शानदार जगह का ब्रांड एंबेसडर होने के नाते मैं अपने फिल्म जगत के अपने दोस्तों को ये जगह घुमाने के लिए बेकरार हूं।’