IFFI 2022: फिल्म महोत्सव के लिए हुआ 45 फिल्मों का चयन, शामिल हुआ हिंदी की कश्मीर फाइल्स का नाम
IFFI 2022: भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) ने शनिवार को 25 फीचर और 20 नॉन-फीचर फिल्मों के नामों की घोषणा कर दी है। चयनित फिल्मों को गोवा में 20 से 28 नवंबर, 2022 तक आयोजित होने वाले 53वें फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा।
बता दें कि इन 45 फिल्मों में 10 फिल्में हिंदी भाषा की भी हैं, जिसमें 'द कश्मीर फाइल्स', 'थ्री ऑफ अस', 'मेजर', 'सिया' जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा तमिल और तेलुगू की चार फिल्में, दो बंगाली फिल्में, सात अंग्रेजी फिल्में, कन्नड़ और मलयालम की तीन फिल्में, मराठी की पांच और मैथिली, कोंकणी, मणिपुरी, संस्कृत, इरुला, उड़िया की एक-एक फिल्म का नाम चयनित किया गया है।
प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फीचर फिल्म जूरी का नेतृत्व विनोद गनात्रा द्वारा किया गया। विनोद गनात्रा के अलावा पैनल में ए कार्तिक राजा, आनंद ज्योति, डॉ अनुराधा सिंह और शैलेश दवे शामिल समेत 12 सदस्य शामिल थे, जिन्होंने 'महानंदा', 'थ्री ऑफ अस', 'सिया', 'द स्टोरीटेलर', 'धाबरी कुरुवी', 'नानू कुसुमा', 'लोटस ब्लूम्स', 'सऊदी वेल्लाक्का', 'फ्रेम', 'शेर शिवराज', 'एकदा का ज़ाला', 'प्रतिक्षा', 'कुरंगु पेडल', 'किडा', 'सिनेमा बंदी' और 'कुधिराम बोस' जैसी फीचर फिल्मों का सिलेक्शन किया।