सुपरस्टार बन गया लेकिन नंबर वन बेटा ना बन सका: सलमान खान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेता सलमान खान को अफसोस है कि वो सुपरस्टार स्टार तो बन गए लेकिन नंबर वन बेटे नहीं बन पाए। अपने होम प्रोडक्शन हाउस की पहली फिल्म, 'बजरंगी भाईजान' के प्रमोशन के दौरान हुए साक्षात्कार में सलमान खान ने कुछ ऐसी बातें कही जो पहले कभी नहीं कही थीं।
सलमान ने अदालत में चल रहे मुंबई के हिट एंड रन केस और राजस्थान में अवैध शिकार के मामलों के बारे में बात करते हुए कहा, 'मैं एक अच्छा बेटा बनने की पूरी कोशिश में लगा हुआ हूँ लेकिन मुझे लगता है कि मेरी वजह से मेरे परिवार में बहुत तकलीफें और चिंताएं हैं। जिसकी वजह है मेरे केस। इनकी वजह से मेरे मां-बाप जल्दी बूढ़े हो चुके हैं।'
सलमान ने कहा, 'मेरे माता-पिता को देख कर समझ में आता है कि वो मुझे लेकर बहुत चिंता में हैं। मेरा पूरा परिवार मिल कर इससे लड़ रहा है। जिंदगी में जो भी होगा आगे हम उसे अपनाने के लिये तैयार हैं।'
हद से ज्यादा प्रमोशन मुझे नहीं आता रास
हर कोई अपनी फिल्म को हिट करवाने के लिए जमकर प्रमोशन करता है लेकिन सलमान को हद से ज्यादा प्रमोशन करना रास नहीं आता। सलमान कहते हैं, 'जिनको फिल्में देखनी होती हैं वो थिएटर में ही फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर देख कर तय कर लेते हैं कि यह उनको देखनी हैं या नहीं'।
सलमान कहते हैं कि 'मेरे लिए सनी देओल एक बड़ा उदहारण हैं जो अपने फिल्मी कैरियर के शिखर पर थे तब भी प्रमोशन के लिए अपने जुहू वाले घर से बाहर नहीं निकलते थे लेकिन फिर भी, उनकी फिल्में खूब चलती थी।'
सलमान ने 'बजरंगी भाईजान' के प्रोमोशन के दैरान ये बातें कही। सलमान ने बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की तुलना पर भी अपने दिल की बात साझा की।
हमारे पास जो है, वो हॉलीवुड के पास नहीं
बॉलीवुड में कई कलाकार हॉलीवुड फिल्में करने की इच्छा जता चुके हैं, क्या सलमान भी कुछ ऐसा ही चाहते हैं। इस सवाल पर सलमान खान कहते हैं, 'हमारे पास जो दिल है वो उनके पास नहीं है'।
सलमान का कहना है कि 'हम इमोशन से भरी फिल्में बनाते हैं जिसके चलते हमारी कहानियां दिल को छूती हैं लेकिन उनका फंडा अलग है। वो किंग-कांग, स्पाईडरमैन, आइरनमैन इस तरह की फिल्में बनाते हैं'।
बॉलीवुड में दबंग खान के नाम से मशहूर सलमान कहते हैं कि 'हॉलीवुड वालों को सुपर हीरो चाहिये लेकिन हमें सुपर हीरो की जरूरत नहीं है क्योंकि हमारे लिए हमारे हीरो ही सुपर हीरो हैं'।
'अंग्रेजी बोलकर अपनी ही मजाक क्यों बनाऊं'
सलमान आगे कहते हैं, 'यह प्यार और आदर ही है जो हमे हमारे फैंस से मिलता है और उसकी तुलना नहीं की जा सकती। हिन्दी बोलने की ऐसी आदत हो गई है कि कैमरे के आगे इंग्लिश बोल कर अपना मजाक क्यों बनाऊं।'
अपनी फिल्म "मैरी गोल्ड" के बारे में सलमान ख़ान में कहा कि यह फिल्म बिलकुल भी नहीं चली थी फिर अंग्रेजी फिल्म में काम करने का क्या फायदा जो चलने वाली ही नहीं।
सलमान इस समय ईद पर रिलीज हो रही अपनी फिल्म 'बजरंगी भाईजान' को लेकर काफी उत्साहित हैं। हालांकि उनकी निजी जिंदगी में इन दिनों हिट एंड रन केस के कारण काफी तनाव चल रहा है।