‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर रिलीज, डबल रोल में फिर कॉमेडी करते दिखे अरशद; यहां देखें फिल्म की पहली झलक?
Jeevan Bheema Yojna Trailer: अरशद वारसी अभिनीत फिल्म ‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में एक्टर जीवन और भीमा के किरदार में फंसे नजर आ रहे हैं। वहीं संजीदा शेख किसी साजिश का हिस्सा बनती नजर आ रही हैं। देखें ट्रेलर...
विस्तार
फिल्म ‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। फिल्म में अरशद वारसी डबल रोल में नजर आने वाले हैं। ट्रेलर में कॉमेडी का जबरदस्त तड़का है। वहीं संजीदा शेख भी यहां 'धमाल 4' के बाद एक बार फिर से कॉमेडी करती नजर आएंगी।
क्या खास है जीवन भीमा योजना के ट्रेलर में?
फिल्म ‘जीवन भीमा योजना’ में अरशद को दोहरे किरदार 'जीवन' और 'भीमा' के रूप में देखा जाएगा। इसके साथ ही ट्रेलर में कई किरदार और उनके बीच के कंफ्यूजन को दिखाया गया है।
- ट्रेलर के पहले सीन में लगता है जैसे कोई किसी को मारने की कोशिश कर रहा है।
- दूसरे सीन में जीवन (अरशद) की पत्नी योजना (संजीदा ) पति के निधन पर नाटकीय अंदाज में रोती दिखाई देती हैं।
- इस सीन में पता चलता है कि जीवन ने एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था। वहीं अपने निधन से पहले वह 1 करोड़ का दूसरी बीमा भी कराकर गए थे।
- इसके बाद एंट्री होती है विनायक (विजय राज) की, जो पैसे के लिए संजीदा के पीछे पड़े हुए हैं।
- इसी दौरान उनका सामना भीमा (अरशद) से होता है, जिसे वह जीवन समझते हैं।
- फिर होता है कॉमेडी में लिपटा एक्शन और किरदारों के बीच तगड़ा कंफ्यूजन।
फिल्म को लेकर क्या बोले निर्देशक?
हाल ही में फिल्म पर बात करते हुए निर्देशक अभिषेक डोगरा ने कहा था, ‘जीवन भीमा योजना उन आम लोगों की कहानी है, जो एक असाधारण फैसला लेते हैं और फिर पूरी फिल्म उस एक फैसले की कीमत चुकाते हुए नजर आते हैं। फिल्म का जॉनर डार्क कॉमेडी है, लेकिन इसकी भावनात्मक जड़ें बेहद मानवीय हैं। अरशद ने दोनों किरदारों को जिस सटीकता के साथ जीवंत किया, उसने सेट पर हमें भी लगातार हैरान किया।’
कब रिलीज होगी फिल्म ?
अभिषेक डोगरा के निर्देशन और स्टारबीम वेंचर्स लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म में अरशद वारसी, संजीदा शेख, विजय राज, बृजेन्द्र काला, पूजा चोपड़ा, अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।