साकिब खान ने भी इस्लाम के लिए छोड़ा ग्लैमर जगत, कुरान शरीफ के साथ साझा की सोशल मीडिया पर तस्वीर
टेलीविजन शो ‘रोडीज’ से चर्चा में आए अभिनेता साकिब खान ने ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत में बने रहना आसान नहीं है। उन्होंने अपने फैसले का एलान सोशल मीडिया पर धार्मिक ग्रंथ कुरान के साथ एक फोटो साझा करते हुए किया। धर्म के रास्ते पर चलने के लिए मनोरंजन जगत छोड़ने वाले वह जायरा वसीम और सना खान के बाद तीसरे कलाकार हैं।
मुंबई फिल्म जगत में बुधवार को दिन भर साकिब के इंडस्ट्री छोड़ने की चर्चाएं चलती रहीं। इस बारे में संपर्क करने पर साकिब ने कुछ भी कहने से इंकार किया और कहा कि जो कुछ वह कहना सुनना चाहते थे वह उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिख दिया है। इंस्टाग्राम पर साझा की गई अपनी इस पोस्ट में साकिब ने अपने मन की बात विस्तार से लिखी है।
साकिब ने इंस्टाग्राम पर ये भी लिखा कि ऐसा वह इसलिए नहीं कर रहे क्योंकि उनके पास अब काम नहीं है। वह दावा करते हैं कि उनके पास काम तो अच्छा आ रहा था लेकिन बस अल्लाह की मर्जी नहीं थी। उन्होंने इस पोस्ट में ये भी लिखा कि मुंबई में रहना और घर चलाना बहुत मुश्किल है।