डेढ़ इश्किया में डेढ़ करोड़ का इनाम किस पर...?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार इनाम रखती है उन पर जो फरार होते हैं। शातिर बदमाश होते हैं। इस बार इनाम नसीरूद्दीन शाह और अरशद वारसी के सिर पर हैं... और फिल्म है ‘डेढ़ इश्किया’।
खालूजान बने नसीर और बब्बर का रोल प्ले कर रहे अरशद जल्द ही एक बार फिर ‘इश्किया’ की रोमांटिक क्राइम थ्रिलर सीक्वल में नजर आएंगे। निर्माताओं ने अब फिल्म के पोस्टर जारी करने शुरू कर दिए हैं।
नसीर और अरशद के ‘वांटेड’ पोस्टरों के बाद दीवाली के बाद फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया है, जिसमें बेगम की भूमिका निभा रही माधुरी दीक्षित आंचल से झांक रही हैं। ‘इश्किया’ में विद्या बालन ने नसीर और अरशद को दीवाना बनाया था।
निर्देशक अभिषेक चौबे के अनुसार माधुरी सीक्वल के लिए पहली पसंद थीं और उन्हें ही ध्यान में रख कर बेगम का किरदार लिखा गया था। निर्माता विशाल भारद्वाज की मानें तो वे माधुरी को इस रोल में लेने के प्रयास तब से कर रहे थे, जब वह अमेरिका में थीं और भारत लौट कर बसने की योजना नहीं थी।
वैसे अभिषेक ने स्पष्ट किया है कि ‘इश्किया’ जिस जगह खत्म हुई थी, वहां से विद्या को लेकर कहानी नहीं बढ़ाई जा सकती थी। अतः दर्शक समझ लें कि ‘डेढ़ इश्किया’ में विद्या का कोई रोल नहीं होगा। वैसे फिल्म में हुमा कुरैशी की अहम भूमिका निभा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले ‘डेढ़ इश्किया’ को इस साल 13 दिसंबर को रिलीज करने की योजना थी, परंतु जब फिल्म ‘हाईवे’ के निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने विशाल भारद्वाज से उनकी फिल्म के लिए रास्ता साफ करने का अनुरोध किया तो वे तैयार हो गए।
इससे बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों की टक्कर टल गई है। अब ‘डेढ़ इश्किया’ अगले साल 31 जनवरी को रिलीज होगी।