'जेम्स बॉन्ड' के आपत्तिजनक दृश्यों पर सेंसर ने चलाई कैंची
जेम्स बॉन्ड सीरीज की अगली फिल्म 'स्पेक्टर' पर भारतीय सेंसर बोर्ड ने जमकर कैंची चला दी है। जेम्स बॉन्ड सीरीज की फिल्में दुनियाभर की तरह भारत में भी बेहद पसंद की जाती रही हैं। इस सीरीज की फिल्मों के एक्शन और रोमांस के दृश्य भी दृश्क खूब पसंद करते रहे हैं।
लेकिन डेनियल क्रेग की मुख्य भूमिका वाली 'स्पेक्टर' के कुछ खास सीन देखने से भारत के सिनेप्रेमी महरूम रह जाएंगे। इसकी वजह ये है कि भारत में रिलीज से पहले ही सेंसर बोर्ड ने जेम्स बॉन्ड के पर कतर दिए हैं।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म देखने के बाद फैसला किया कि फिल्म के कुछ दृश्य ठीक नहीं हैं। इसमें दो सीन हैं और दो डायलॉग, जिन पर सेंसर बोर्ड की कैंची चली है।
इतनी लंबी किस यहां नहीं चलेगी
जेम्स बॉन्ड सीरीज की आने वाली फिल्म में जिन सीन को सेंसर बोर्ड ने काट दिया है उनमें फिल्म में डेनियल क्रेग और मोनिका बेलुची के बाच एक लंबा किसिंग सीन था, जिस पर सेसंर बोर्ड ने कैंची चला दी है। खबरे हैं कि उत्तेजक किसिंग सीन फिल्म से हटा दिए गए हैं। इसके अवाला कुछ शब्दों पर भी सेंसर बोर्ड ने आपत्तिजनक कहते हुए कैंची चलाई है।
सेसंर बोर्ड ने फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म 20 नवंबर को भारत में रिलीज होगी। यूके और यूएस में फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जबर्दस्त कमाई भी कर रही है।
फिल्म पर सेंसर बोर्ड की कैंची चलने के बाद सेशल मीडिया पर उसको लेकर कई तरह के चुटकुले पोस्ट किए जा रहे हैं। संस्कारी बॉन्ड फेसबुक और ट्विटर पर खूब ट्रेंड कर रहा है। इसमें सेंसर बोर्ड का मजाक भी उडाया जा रहा है।