क्या खत्म हो गई फिल्मों में करीना की कहानी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करीना कपूर का नाम इन दिनों उनके करियर को लेकर काफी चर्चा में है। हाल-फिलहाल उनकी कोई महत्वपूर्ण फिल्म आती दिख नहीं रही। उनकी प्रेग्नेंसी की झूठी-सच्ची खबरें प्रसारित हो रही हैं। महत्वपूर्ण फिल्मी प्रोजेक्ट या तो वह खुद छोड़ रही हैं या उनके हाथ से छूटते जा रहे हैं। तो चर्चा यह है कि क्या करीना का करियर समाप्ति की ओर अग्रसर माना जाए?
उनके पास फिलहाल `हैप्पी एंडिंग', `सिंघम-2' और `गब्बर' हैं। `सिंघम-2' की शूटिंग हो रही है। सुनते हैं कि `गब्बर' में वह अक्षय के अपोजिट हैं और एक स्पेशल अपीयरेंस में अक्षय की पत्नी के किरदार में दिखेंगी। `हैप्पी एंडिंग' में भी उनका कैमियो ही है। साल की शुरुआत में करीना कपूर को करन जौहर की फिल्म `शुद्धि' में लिए जाने की बात सुनने में आई।
छोड़ दी थी फिल्म
लेकिन करीना ने वह फिल्म छोड़ दी। उनका कहना है, 'शुद्धि' छोड़ने पर मुझे कोई दुख नहीं है। मैं अब शादीशुदा हूं, मैं किसी रिले मैराथन में भाग नहीं ले रही।' `शुद्धि' से करीना के आउट होने के मामले में निर्माता करन जौहर का कहना है कि उन्हें बेबो के लिए दुख है। अब फरहान अख्तर के अपोजिट फिल्म `बॉम्बे समुराई' से भी वह बाहर हैं।
उधर उनकी जूनियर हीरोइनों का आधिपत्य जमता जा रहा है। कैटरीना तो थी हीं, अब दीपिका पादुकोण और कंगना रनोट टक्कर में सीधे उनके सामने खड़ी हैं। फिल्म एक्सपर्ट्स की मानें, तो करीना ने दरअसल अपने करियर में कुछ गलतियां ऐसी की हैं, जिनके कारण वह अपने कद बराबर करियर की ऊंचाई पा नहीं सकीं।
छोड़ी कई सारी फिल्में
शायद करीना भी ब्लॉक बस्टर फिल्म `ब्लैक', `रामलीला', `क्वीन', `कल हो न हो' और `फैशन’ जैसी फिल्में लौटा देने के लिए खुद को आज तक कोसती होंगी। हालांकि `क्वीन' के बड़ी हिट फिल्म साबित होने पर करीना का डिफेंसिव बयान आता है कि `मैं दूसरे लोगों को काम देने में सम्मानित महसूस करती हूं।' अब इस नजरिए के साथ तो करीना शायद ही रेस में बची रह पाएं।
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनने वाली `बाजीराव मस्तानी' उन्होंने सिर्फ इसलिए छोड़ दी कि उसमें उन्हें सेकंड लीड मिल रही थी। एक्स बॉयफ्रेंड के साथ काम न करने का निर्णय, आइटम सॉन्ग्स से दूरी आदि कुछ ऐसे निर्णय हैं, जो उन्हें करियर में पीछे घसीटते ही जा रहे हैं।
दीपिका के काम आए अफेयर
जबकि अगर दीपिका की ओर देखें, तो एक्स रणबीर कपूर के साथ काम करना उनके करियर के लिए काम कर गया। वह युवा एक्टर्स के साथ जोड़ी बनाने में ज्यादा रुचि लेती हैं, लेकिन उनमें से अधिकतर के साथ वह मेच्योर ही दिखती हैं। सुनते हैं कि उनके ताजा करियर काउंसलर हैं अनुराग कश्यप।
करीना को उनकी सलाह है कि फिल्म साइन करते वक्त उन्हें यह नहीं देखना चाहिए कि फिल्म में कौन है, बल्कि यह देखना चाहिए कि फिल्म क्या है। पता नहीं करीना इस पर ध्यान देंगी या नहीं। हालांकि फिल्म हैप्पी एंडिंग के लिए सैफ करीना के लिए कहते हैं, `करीना का इस फिल्म में काम लोगों को सरप्राइज कर देगा।' अब तो हैप्पी एंडिंग का इंतजार है फैन्स को।