कैप्टन मारवेल ने बढ़ा दी मेरी जिम्मेदारी: लारसन
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए हॉलीवुड का इस साल का पहला बड़ा झटका 8 मार्च को लगने वाला है। इस दिन मारवेल स्टूडियो की पहली महिला सुपर हीरो फिल्म कैप्टन मारवेल भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगू और अंग्रेजी में रिलीज होने जा रही है। गौरतलब है कि पिछले साल अवेंजर्स सीरीज की फिल्म ने भारत में 200 करोड़ रुपये से ऊपर का कारोबार करके सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म का दर्जा हासिल किया था।
मारवेल के सिनेमैटिक यूनीवर्स में पहली महिला सुपर हीरो का किरदार करने का मौका पाकर ब्रिए लारसन काफी उत्साहित हैं। वह कहती हैं, ‘मारवेल सिनैटिक यूनीवर्स का हिस्सा बनना बहुत बड़ा सम्मान है और मारवेल के सुपरहीरोज की विरासत का हिस्सा बनना उससे भी ज्यादा रोमांचक है क्योंकि इन किरदारों की कहानी और इनका परदे पर प्रजेंटेशन आम लोगों को काफी प्रेरित करता है।’
इस तरह की फिल्में दर्शकों को क्या संदेश देती हैं, ये पूछे जाने पर लारसन कहती हैं, ‘ये फिल्में उस प्रक्रिया का हिस्सा हैं जिनसे हमारी संस्कृति को नए आयाम मिल रहे हैं, ये लोगों में समाज को लेकर सही भावनाएं जगाती हैं और ये वाकई बहुत बड़ी बात है।
जहां तक बात इन फिल्मों के दूरगामी असर को लेकर है तो मैं तो ये कहूंगी कि जब कैप्टन मारवेल में लीड रोल करने के लिए मेरा नाम फाइनल हुआ तब तक मैं इनके सांस्कृतिक असर पर पड़ने वाले असर को पूरी तरह समझ भी नहीं पाई थी। फिर धीरे धीरे मुझे एहसास होना शुरू हुआ कि ये रोल मिलने के बाद मेरी जिम्मेदारी कितनी बड़ी हो गई है।’ कैप्टन मारवेल को मारवेल कॉमिक्स के अब तक के सारे सुपर हीरो किरदारों में सबसे ज्यादा शक्तिशाली समझा जाता है और इस फिल्म का इंतजार भारत में मारवेल के प्रशंसक भी महीनों से करते रहे हैं।