Imran Khan: लंबे समय बाद साथ काम करेंगे निर्देशक दानिश-अभिनेता इमरान, रोमांटिक-कॉमेडी होगी अगली फिल्म!
साल 2010 में आई इमरान खान की फिल्म 'ब्रेक के बाद' को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी सफलता मिली। साथ ही दर्शकों ने भी इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म को पसंद किया। अब इस फिल्म के निर्देशक एक बार फिर इमरान खान के साथ काम करने वाले हैं।
विस्तार
निर्देशक दानिश असलम ने फिल्म 'ब्रेक के बाद' में अलग तरह की रोमांटिक कॉमेडी दर्शकों को दिखाई। इस फिल्म में इमरान खान और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में रहे। उस समय फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा। इमरान खान को भी इस फिल्म का काफी फायदा करियर में मिला। लेकिन कुछ समय बाद उनका करियर ग्राफ काफी नीचे चला, इमरान ने तो फिल्मों में काम करना ही बंद कर दिया, लेकिन वह फिर से फिल्मों में सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में निर्देशक दानिश ने कहा है कि वह इमरान खान को साथ लेकर एक फिल्म बनाने वाले हैं।
क्या 'ब्रेक के बाद' का सीक्वल बनाएंगे
जब से यह खबर सामने आई है कि इमरान और दानिश साथ काम करने वाले हैं, तो फैंस ने अटकलें लगानी शुरू कर दी हैं कि दोनों फिल्म 'ब्रेक के बाद' का सीक्वल साथ कर रहे हैं। इस बारे में दानिश ने अलग ही बात कही है। उनका कहना है कि इमरान के साथ एक नई फिल्म से वापसी करेंगे, इसके बारे में जल्द ही घोषणा की जाएगी।
माना जाए इमरान का कमबैक
जिस नई फिल्म में दानिश और इमरान काम करने वाले हैं, उसे इमरान खान के कमबैक के तौर पर देखा जा सकता है। सूत्रों की मानें तो यह फिल्म एक रोमांटिक-कॉमेडी ही होगी और ऐसी फिल्मों में दर्शक इमरान को काफी पसंद करते हैं। उन पर लवर बॉय के रोल काफी जंचते भी हैं। अभी तक इस बारे में इमरान की तरफ से कोई बयान नहीं आया है।
फैंस के मिल रहे हैं संदेश
दानिश एक इंटरव्यू में बताते हैं कि उन्हें और इमरान को लंबे समय से फैंस के संदेश मिल रहे हैं कि वे रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म लेकर आएं। असल में दर्शक आज भी अच्छी रोमांटिक और कॉमेडी फिल्में देखना चाहते हैं, जबकि इस तरह की फिल्में इन दिनों बन नहीं रही हैं।