हिंदी दिवस: बॉलीवुड का 'हिंदी' कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरे देश में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी को प्रोत्साहन देने के लिए विश्वविद्यालयों से लेकर सरकारी विभागों तक में हिंदी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। हिंदी दिवस का बॉलीवुड से भी काफी गहरा कनेक्शन है। लेकिन इस बारे में बात करने से पहले सबसे पहले आपको बताते हैं कि आखिर 14 सितंबर को क्यों मनाते हैं हिंदी दिवस ?
आखिर क्यों मनाते हैं हिंदी दिवस
हमारा देश बहुभाषी देश है और ऐसा बताया जाता है कि जब देश आजाद हुआ था तो कई महत्वपूर्ण सवालों में एक सवाल था कि हमारी राजभाषा क्या होगी। इस सवाल पर विचार विमर्श करने के बाद आखिरकार निर्णय लिया गया नए राष्ट्र की भाषा में हिंदी पर सर्वाधिक जोर दिया जाएगा। इसके बाद संविधान सभा ने देवनागरी लिपी में लिखी हिंदी को आधिकारिक भाषा के तौर पर स्वीकार किया। इसके बाद 14 सितंबर 1949 में हिन्दी ही भारत की राजभाषा होगी इस पर सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई थी। गौरतलब है कि 1918 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने एक हिंदी साहित्य सम्मेलन में भाग लिया था और हिंदी को राष्ट्रीय भाषा बनाने का अनुरोध किया था। खैर ये तो बात हो गई हिंदी दिवस की अब आगे बात करते हैं हिंदी के बॉलीवुड कनेक्शन की।
इन फिल्मों में दिखाया गया मातृ भाषा का दम
बॉलीवुड में आज सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि इंग्लिश के साथ ही साथ धीरे धीरे अन्य भाषाओं का बढ़ता चलन ट्रेंड पकड़ रहा है। न सिर्फ गानों में बल्कि आम डायलॉग्स में भी हिंदी के अलावा डायलॉग्स गढ़े जा रहे हैं। लेकिन दूसरी की ओर कुछ ऐसी भी फिल्में हैं जिनमें हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला है। एक नजर ऐसी ही कुछ फिल्मों पर....
नमस्ते लंदन
23 मार्च 2007 को अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म नमस्ते लंदन रिलीज हुई थी। फिल्म एक लव स्टोरी थी लेकिन बावजूद इसके फिल्म में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला है। फिल्म में अक्षय की एक स्पीच थी जिसे भुलाया नहीं जा सकता है।
इंग्लिश विंग्लिश
'इंग्लिश विंग्लिश' शशि नाम की महिला की कहानी है जो अंग्रेजी भाषा में अपने आपको व्यक्त नहीं कर पाती है। उसकी दस-बारह वर्ष की लड़की पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में अपनी मां को ले जाने में शर्मिंदगी महसूस करती है। बता दें कि फिल्म में श्रीदेवी मुख्य किरदार में नजर आई थीं।
हिंदी मीडियम
इरफान खान और सबा कमर स्टारर फिल्म हिंदी मीडियम ने न सिर्फ एजुकेशन की समस्या पर सभी का ध्यान आकर्षित किया था। बल्कि हिंदी भाषा की अहमियत पर भी प्रकाश डाला था।
इस फिल्म की कहानी दिल्ली में रहने वाले एक व्यापारी राज बत्रा की है, जो दिल्ली में शादी में उपयोग होने वाले कपड़ों का व्यापार करते रहता है। वह अमीर होता है, लेकिन अच्छी तरह अंग्रेजी नहीं जानता।
गोलमाल
साल 1979 में आई अमोल पालेकर की फिल्म 'गोलमाल' में भी बड़े ही रोचक ढंग से हिंदी के महत्व को समझाया गया है। फिल्म में उनके साथ उत्पल दत्त, बिन्दिया गोस्वामी, दीना पाठक, ओम प्रकाश, यूनुस परवेज और अमिताभ बच्चन ने भी अहम किरदार निभाया था।
चुपके चुपके
साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'चुपके चुपके' एक कॉमेडी फिल्म है जो हिन्दी के इर्द गिर्द घूमती है। इस फिल्म में धर्मेंद्र, शर्मिला टैगोर, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और ओम प्रकाश लीड रोल में हैं।
बॉलीवुड के लिए सीखी हिंदी
भारतीय सिनेमा आज न सिर्फ देश में बल्कि पूरे विश्व में अपनी एक अलग ही छाप रखता है। ऐसे में कई ऐसी एक्ट्रेसेस हैं जो मूल रूप से भारत की नहीं हैं लेकिन जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी सफल पारी खेलने के लिए हिंदी सीखी है। एक नजर ऐसी ही कुछ अभिनेत्रियों पर....
कटरीना कैफ
इस लिस्ट में पहला नाम आता है कटरीना कैफ का। कटरीना लंबे वक्त से बॉलीवुड में हैं और करीबन हर बड़े स्टार के साथ काम कर चुकी हैं। लेकिन कटरीना का बॉलीवुड सफर इतना आसान नहीं था। कटरीना ने हिंदी सीखने में काफी मेहनत की है, हालांकि इसके बाद भी आधी इंडियन और आधी ब्रिटिश ये खूबसूरत हीरोइन हिंदी को मखमली फॉरेन एक्सेंट में बोलती है। कटरीना की सलमान खान के साथ फिल्म एक था टाइगर में एक सीन भी ऐसा है। जिसमें उनकी हिंदी की समस्या को मजेदार अंदाज में दिखाया है।
A post shared by Salman Khan♚ (@salmankhanplanet) on
सनी लियोनी
सनी लियोनी का असली नाम करणजीत कौर है और उनका भारत से भी कनेक्शन है। टीवी शो से लेकर फिल्मों तक में सनी अपनी अहम जगह बना चुकी हैं लेकिन आज भी सही तरीके से हिंदी बोलने में उनके पैर लड़खड़ा जाते हैं। बड़े पर्दे पर बोल्ड किरदार निभाने वाली सनी ने गांव की छोरी का रोल भी किया है पर डायलॉग बोलते समय मुंह से अंग्रेजी एक्सेंट ही निकलता है।
नर्गिस फाखरी
'रॉकस्टार' और 'मद्रास कैफे' जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम कर चुकी नर्गिस फाखरी आज भी हिंदी बोलने में कमजोर हैं। बात चाहें फिल्मों की हो या फिर रियल लाइफ की, नर्गिस हिंदी बोलने में हमेशा ही जरा हिचकिचाती सी नजर आती हैं।
जैकलीन फर्नांडिस
रितेश देशमुख और अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म अलादीन से बॉलीवुड डेब्यू करने वालीं जैकलीन फर्नांडिस भी फर्राटेदार हिंदी नहीं बोल पाती हैं। ऑफ स्क्रीन ही नहीं ऑन स्क्रीन भी उनकी हिंदी में विदेशी झलक मिल ही जाती है।
एली अवराम
रियलिटी शो बिग बॉस से सभी की नजरों में आईं एली अवराम ने भी बॉलीवुड में काम किया है। लेकिन अपनी टूटी-फूटी हिंदी के चलते उनके करियर कुछ खास नहीं रहा। ऐसे में अब एली मुख्य फिल्मों की जगह आइटम नंबर्स में ही अधिक नजर आती हैं।
लीसा हेडन
लीसा हेडन भी अपनी हिंदी के चलते बॉलीवुड में सफर पारी नहीं खेल पाईं। बता दें कि लीसा 'क्वीन' और 'द शौकीन्स' फिल्मों से लेकर टीवी रियलिटी शो 'इंडिआज नेक्स्ट टॉप मॉडल' तक में नजर आ चुकी हैं। लेकिन हर बार उनकी हिंदी में ऑस्ट्रेलियाई लहजा जरूर झलका है।
एमी जैक्सन
अक्षय कुमार से लेकर रजनीकांत तक के साथ नजर आ चुकीं एमी जैक्सन भी हिंदी की समस्या से जूझती नजर आती हैं। गौरतलब है कि अक्षय कुमार के साथ एमी सिंह इज ब्लिंग और रजनीकांत के साथ 2.0 में नजर आई हैं।
हिंदी डायलॉग्स ने जमकर गुदगुदाया
बॉलीवुड में सिर्फ हिंदी के महत्व पर ही नहीं बल्कि कई ऐसी फिल्में भी सामने आई हैं जिसमें हिंदी के डायलॉग्स ने दर्शकों को हंसाने में कामयाबी हासिल की है। हिंदी के दम पर हंसाने वाली फिल्में नई ही नहीं बल्कि पुरानी भी हैं। एक नजर ऐसे ही कुछ सीन्स पर...
तकदीरवाला
फिल्म तकदीरवाला में कादर खान और असरानी की हिंदी की जुगलबंदी को कौन भूल सकता है। दोनों ने शुद्घ हिंदी के डायलॉग्स बोलकर लोगों को खूब हंसाया। आइए देखते हैं दोनों का एक सीन जिसमें उन्होंने आइसक्रीम का हिंदी नाम बताया है।
3 इडियट्स
फिल्म 3 इडियट्स साल 2009 की बेस्ट फिल्मों में शामिल है। फिल्म में आमिर खान, आर माधवन और शर्मन जोशी मुख्य किरदारों में थे। वहीं ओमी वैद्य ने फिल्म में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाया था और इनकी शुद्घ हिंदी से भरी वो स्पीच कोई नहीं भूल सकता।
गोलमाल(1979)
साल 1979 में बनी कॉमेडी फिल्म 'गोलमाल' में ऋषिकेश मुखर्जी और अमोल पालेकर ने लाजवाब एक्टिंग की थी। वैसे तो फिल्म में कई सीन पेट पकड़कर हंसने को मजबूर करते हैं। लेकिन हम आपको दिखाते हैं इस फिल्म का बेस्ट कॉमिक सीन जिसको देख आप आज भी लोट पोट हो जाएंगे।
बॉलीवुड का सिक्का सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी चलता है। ऐसे में हॉलीवुड के कई सेलेब्स भी बॉलीवुड की फिल्मों में काम कर चुके हैं। वैसे तो ये लिस्ट काफी लंबी हो सकती है लेकिन एक नजर कुछ चुनिंदा बड़े हॉलीवुड सेलेब्स पर जिन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में काम किया...
1. पॉल ब्लैकथोर्न और रचेल शॅली: लगान- वंस अपॉन ए टाइम इन इंडिया (2001)
2. टोबी स्टीफंस और केनेथ क्रेनहम : मंगल पांडे- द राइज़िंग (2005)
3. बारबरा मोरी: काइट्स (2010)
4. डिनाइस रिचर्ड्स और सेलवेस्टर स्टालोन: कमबख्त इश्क (2009)
5. एलिस पैटन: रंग दे बसंती (2006)
6. चिया हुई लुई: चांदनी चौक टू चाइना (2009)
7. सारा थॉम्सन: राजनीति (2010)
8. क्लाइव स्टेंडेन: नमस्ते लंदन (2007)
9. रेबेका ब्रीड्स: भाग मिल्खा भाग (2013)
10. काइली मिनोग: ब्लू (2009)
जब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने हिंदी गाना गाकर भारतीय लड़की को किया था प्रपोज...
हिंदी भाषा का असर इतना जोरदार है कि एक बार तो पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ब्रेट ली ने हिंदी में गाना गाया था। यह किस्सा साल 2006 का है। उन दिनों भारत में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हुआ। सात देशों के बीच हुए क्रिकेट मुकाबले में कंगारुओं ने बाजी मार ली। जाहिर है, भारत की हार से देश के क्रिकेट प्रेमी दुखी थे और ऑस्ट्रेलिया की टीम से कहीं ना कहीं खफा भी। नवंबर में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स ट्रॉफी लेकर अपने देश उड़ चले। मगर दो महीने बाद, यानी जनवरी 2007 में गेंदबाज ब्रेट ली का ऐसा वीडियो आया, जिसे देख भारतीयों का दिल खुश हो गया। दरअसल, उन्होंने हिंदी में एक गाना गया था वो भी मशहूर गायिका आशा भोंसले के साथ। ब्रेट ली और आशा भोंसले के ड्यूएट 'यू आर द वन फॉर मी' को डीडी मेट्रो के दौर के लोगों ने खूब पसंद किया। सबसे खास बात ये कि गाने के बोल खुद ब्रेट ली ने लिखे थे। गाने के वीडियो में ब्रेट ली एक कक्षा में बैठे नजर आते हैं और उन्हें हिंदी टीचर से ही प्यार हो जाता है। उस टीचर को प्रभावित करने के लिए ब्रेट ली ने ना सिर्फ हिंदी सीखी बल्कि हिंदी में रोमांटिक लाइनें भी गुनगुना दीं। वैसे तो यह सब उन्होंने एक काल्पनिक स्क्रिप्ट पर अभिनय करते हुए किया था, मगर उनका ऐसा करना सीमा पार हिंदी की लोकप्रियता का एक सूचक भी था।