Munawar Faruqui: होकर रहेगा कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी का शो? धमकी देने वाले भाजपा विधायक हिरासत में
स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के शनिवार को होने जा रहे शो को लेकर धमकियां देने वाले भाजपा विधायक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। भाजपा विधायक ने कार्यक्रम स्थल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
विस्तार
लॉकअप विनर और मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी इन दिनों हैदराबाद में होने जा रहे अपने शो को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ फैंस उनके शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। यहां तक कि तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने तो फारूकी के शो के विरोध में धमकी तक दे डाली है। इसके लिए उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टी राजा सिंह जब शुक्रवार को मुनव्वर फारूकी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया।
शनिवार को होगा शो
पुलिस का कहना है कि विधायक टी राजा सिंह ने कथित तौर पर माधापुर में कार्यक्रम स्थल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट पर इसके खूब चर्चे हो रहे हैं। बता दें कि फारूकी का शो शनिवार यानी कल होने जा रहा है।
जल्द होंगे रिहा!
पुलिस ने कहा कि भाजपा विधायक को उनके मंगलहाट स्थित आवास से एहतियातन हिरासत में लिया गया और उन्हें जल्द रिहा कर दिया जाएगा। बता दें कि विधायक टी राजा सिंह अपनी मजबूत हिंदुत्व छवि और विचारों के लिए जाने जाते हैं। उनका आरोप है कि कॉमेडियन फारूकी ने अतीत में हुए अपने तमाम शो में हिंदू देवताओं का अपमान किया।
आमंत्रित किए जाने का विरोध किया
भाजपा विधायक ने टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य मंत्री के टी रामाराव द्वारा फारूकी को कथित तौर पर आमंत्रित किए जाने का भी विरोध किया। राजा सिंह का कहना है कि भगवान का अपमान करने वाले आर्टिस्ट को आमंत्रित करने के बजाय तेलंगाना के प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।