{"_id":"3aa13eb124f79c930d149f9275a569ce","slug":"big-bollywood-director-of-2014","type":"story","status":"publish","title_hn":"इस साल इन निर्देशकों की प्रतिष्ठा दांव पर ","category":{"title":"Bollywood","title_hn":"बॉलीवुड","slug":"bollywood"}}
इस साल इन निर्देशकों की प्रतिष्ठा दांव पर
हरि मृदुल/अमर उजाला मुंबई
Updated Fri, 03 Jan 2014 09:06 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2014 में कई कलाकारों के साथ कई फिल्म निर्देशकों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।
विज्ञापन
नए साल में कई प्रतिष्ठित फिल्मकारों को नया इम्तिहान देना होगा। इन फिल्मकारों में राजकुमार हिरानी, कबीर खान, दिबाकर बनर्जी, अनुराग कश्यप, डेविड धवन, शाद अली, अली अब्बास जफर, सोहेल खान, इम्तियाज अली, प्रभुदेवा, साजिद खान, मोहित सूरी, अनुराग बसु, अभिषेक चौबे, अमोल गुप्ते, ए.आर.मुरुगडॉस और फराह खान का नाम शामिल है।
भले ही ये सभी फिल्मकार बड़े नाम हैं और अपना डंका बजवा चुके हैं, परंतु कहीं न कहीं इन सबकी साख दांव पर लगी हुई है। दरअसल इधर दर्शकों की रुचि में बड़ा परिवर्तन आया है, इसलिए इन सभी फिल्मकारों को एक बड़ी चुनौती मिली है।
विज्ञापन
राजकुमार हिरानी
मुन्नाभाई एमबीबीएस, लगे रहो मुन्नाभाई और 3 इडियट्स जैसी बड़ी फिल्में बना चुके राजकुमार हिरानी अब पी.के. का निर्देशन कर रहे हैं। अपनी अनूठी निर्देशन शैली से चमत्कृत कर देनेवाले हिरानी के लिए फिल्म पी.के. एक बड़ी परीक्षा होगी। हालांकि इस फिल्म में एक बार फिर वे आमिर खान जैसे अदाकार को निर्देशित कर रहे हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि अब की हिरानी की कहानी एकदम अलग है।
विज्ञापन
उन्होंने अपनी पिछली फिल्मों की तरह ही इस बार भी सामाजिक उद्देश्य वाला कथानक जरूर चुना है, परंतु अब की उनकी राह कतई आसान नहीं है। मिली जानकारी के मुताबिक इस फिल्म में आमिर किसी बहुरूपिए की तरह अदाकारी करते दिखेंगे। यह देखने की बात होगी कि दर्शक उनके किरदार से अपने आपको कितना नजदीक पाते हैं। खास बात यह है कि हिरानी इस फिल्म के निर्माता भी हैं।
कबीर खान
एक था टाइगर जैसी ब्लॉक बस्टर फिल्म दे चुके कबीर खान अब की सैफ अली खान और कैटरीना के साथ फिल्म फैंटम बना रहे हैं। यह एक थ्रिलर है। इसके केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आतंकवाद है। कबीर पहली बार यशराज बैनर के बाहर की किसी फिल्म में काम कर रहे हैं। बता दें कि फैंटम साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस की है। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग बेरुत में हुई है।
दिबाकर बनर्जी
खोसला का घोंसला, लकी ओए ओए लकी, रागिनी एमएमएस और शंघाई जैसी एकदम अलग मिजाज की फिल्में दे चुके दिबाकर बनर्जी डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी का निर्देशन कर रहे हैं। उनकी इस फिल्म में 1940 का कालखंड है, जिसमें ब्योमकेश नाम के नामी जासूस के कारनामे दिखाए जाएंगे। ब्योमकेश का किरदार पश्चिमी बंगाल में बेहद लोकप्रिय है, अब देखने की बात होगी कि दिबाकर इस चरित्र को देशभर में पॉपुलर कर पाते हैं या नहीं। ब्योमकेश का किरदार निभा रहे हैं सुशांत सिंह राजपूत।
अनुराग कश्यप
पिछले साल गैंग्स ऑफ वासेपुर जैसी फिल्म देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके अनुराग बांबे वेलवेट नाम की फिल्म बना रहे हैं। रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म जाने माने इतिहासकार और लेखक ज्ञान प्रकाश की एक किताब पर आधारित है।
इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग श्रीलंका में हुई है और इसमें 1960 के दौर को दर्शाया जा रहा है।
डेविड धवन
अपनी ही तरह की कॉमेडी परोसने वाले फिल्मकार डेविड धवन पहली बार अपने बेटे वरुण धवन को निर्देशित कर रहे हैं फिल्म मैं तेरा हीरो में। इस फिल्म में डेविड ने वरुण के साथ इलैयना और नर्गिस फाखरी जैसी दो हीरोइनें ली हैं। डेविड की पिछली फिल्म चश्म ए बद्दूर बॉक्स आफिस पर हिट रही है।
शाद अली
शाद अली काफी समय बाद सक्रिय हुए हैं। छह साल के बाद वे किल दिल नाम की फिल्म निर्देशित कर रहे हैं। इसमें रणवीर सिंह, परिणीति चोपड़ा और गोविंदा दिखाई देंगे। साथिया, बंटी और बबली जैसी फिल्में दे चुके शाद किल दिल में अपनी सफलता दोहरा पाते हैं या नहीं, वक्त बताएगा।
अली अब्बास जफर
मेरे ब्रदर की दुल्हन जैसी हिट फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर अब गुंडे लेकर आ रहे हैं। गुंडे में अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह के साथ प्रियंका चोपड़ा हैं। यह एक ऐसा परंपरागत एक्शन डा्रमा है, जिसके केंद्र में कोयला खदानें हैं।
सोहेल खान
इस बार सोहेल खान ने तेलुगु फिल्म स्तालिन की रीमेक जय हो बनाई है। हमेशा की तरह इसमें बड़े भाई सलमान खान हीरो हैं। यूं तो सलमान की फिल्म होने की वजह से यह प्रोजेक्ट हॉट माना जा रहा है, लेकिन सोहेल ने इस फिल्म को एक चुनौती की तरह लिया है। उन्हें पता है कि अगर कुछ ऊंच-नीच हो गई, तो उनके साथ ही सल्लू के कैरियर पर भी असर पड़ेगा।
इम्तियाज अली
सोचा न था, जब वी मेट, लव आजकल, रॉकस्टार जैसी फिल्में दे चुके इम्तियाज अली अब नई फिल्म हाइवे के साथ उपस्थित होने जा रहे हैं। आलिया भट्ट और रणदीप हूडा की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म में एक अनूठी जर्नी है। कुल मिलाकर इस फिल्म की कहानी लीक से हटकर है।
प्रभुदेवा
वांटेड, राउडी राठौर, रमैया वस्तावैया और आर...राजकुमार जैसी फिल्में निर्देशित कर चुके प्रभुदेवा ने पहली बार अजय देवगन को लीड भूमिका लेकर फिल्म बनाई है एक्शन जैक्शन। जैसा कि नाम से स्पष्ट है, यह एक एक्शन फिल्म है। सलमान खान, अक्षय कुमार और शाहिद कपूर के साथ काम करने के बाद अब अजय से उनकी नई ट्यूनिंग बनी है।
साजिद खान
हे बेबी, हाउसफुल जैसी हिट कॉमेडी फिल्म दे चुके साजिद खान की पिछली फिल्म हिम्मतवाला ने बॉक्स ऑफिस पर पानी भी नहीं मांगा। अब वे फिल्म हमशकल्स लेकर आ रहे हैं। सैफ अली खान, बिपाशा बसु, रितेश देशमुख, राम कपूर के अभिनय से सजी यह एक कॉमेडी फिल्म है। इसमें लीड एक्टरों के ट्रिपल रोल हैं। हमशकल्स का हिट होना साजिद के लिए बहुत जरूरी है, वरना उन्हें फिर से निर्देशन का मौका आसानी से नहीं मिलनेवाला है।
अनुराग बसु
काइट्स जैसी फिल्म के फ्लॉप होने से अनुराग बसु अवसादग्रस्त हो गए थे, लेकिन फिल्म बर्फी ने जैसे उनके फिल्मकार को नया जीवन दे दिया। अब अनुराग रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ के साथ जग्गा जासूस बना रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि बर्फी की तरह ही इस बार भी रणबीर उनकी नैया जरूर पार लगाएंगे।
मोहित सूरी
पिछले साल आशिकी 2 जैसी सुपर हिट फिल्म देने के बाद मोहित सूरी के हौंसले बुलंद हैं। अब वे विलेन नाम की फिल्म की शूटिंग में लगे हुए हैं। इसमें एक बार फिर उन्होंने उनकी आशिकी 2 के एक्टरों की टीम अपना जलवा दिखाएगी।
अभिषेक चौबे
इश्किया के बाद अब डेढ़ इश्किया। विशाल भारद्वाज निर्मित फिल्म डेढ़ इश्किया से पता चलेगा कि अभिषेक चौबे कितने काबिल डायरेक्टर हैं। वाकई यह देखनेवाली बात होगी कि वे अपनी नई फिल्म में पहली फिल्म वाला जादू जगा पाते हैं या नहीं। नसीरुद्दीन शाह, अरशद वारसी, माधुरी दीक्षित और हुमा कुरैशी के अभिनय से सजी इस फिल्म से उन्हें काफी उम्मीदें हैं।
अमोल गुप्ते
स्टैनली का डब्बा जैसी बच्चों की फिल्म निर्देशित कर चुके अमोल गुप्ते एक बार फिर बाल फिल्म हवा हवाई लेकर हाजिर होने जा रहे हैं। इस फिल्म में फिर से उनके बेटे पार्थो गुप्ते मुख्य किरदार निभा रहे हैं। हवा हवाई में उनके निर्देशन की दोबारा परीक्षा है।
ए.आर. मुरुगडॉस
आमिर खान जैसे मेगा स्टार को फिल्म गजनी में निर्देशित कर चुके ए.आर. मुरुगडॉस अब अक्षय कुमार को निर्देशित कर रहे हैं। उनकी फिल्म हॉलीडे एक तमिल ब्लॉक बस्टर की रीमेक है। मुरुगडॉस से उम्मीद की जा रही है कि वे अक्षय कुमार के साथ भी गजनी जैसा जादू जगाएंगे।
फराह खान
फराह खान इस साल हैप्पी न्यू इयर नाम की फिल्म लेकर आ रही हैं। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी है। अभिषेक बच्चन, बोमन ईरानी, सोनू सूद और जैकी श्रॉफ इस फिल्म के अन्य एक्टर हैं। तीस मार खां जैसी फ्लॉप फिल्म देने के बाद फराह पर बॉलीवुड ने भरोसा करना बंद कर दिया था। आखिरकार किंग खान ही उनका सहारा बने। इस बीच उनकी शाहरुख से अनबन खत्म हो गई और उन्होंने हैप्पी न्यू इयर के निर्देशन की जिम्मेदारी फराह को सौंप दी। सब जानते हैं कि फराह ओम शांति ओम और मैं हूं ना जैसी सुपर हिट फिल्में दे चुकी हैं।