सिक्किम सीमा के दौरे के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति अपना गहरा आभार जताया है। इस दौरान भूमि ने सीमा का दौरा किया और साथ ही सैनिकों से बातचीत भी की।
सीमा का दौरा और सैनिकों से बातचीत
भूमि पेडनेकर सिक्किम की तीन दिवसीय यात्रा पर गई थीं। इस दौरान उन्होंने भारत की सीमा का दौरा किया और वहां तैनात सैनिकों से मुलाकात की। भूमि ने बताया कि वह खुद को हमेशा से एक सच्ची देशभक्त मानती हैं। सीमा पर जाकर उन्हें अहसास हुआ कि हमारे सैनिक देश के लिए कितना बड़ा बलिदान देते हैं। सैनिकों से बात करके वह खुद को उनका कर्जदार महसूस कर रही हैं।
सेना के योगदान पर भूमि की राय
भूमि ने बताया कि सीमा पर बेहद ठंड थी, लेकिन वहां का नजारा बहुत खूबसूरत था। भूमि ने उस क्षेत्र के इतिहास को भी समझा और कहा कि देश की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर उन्हें बेहद गर्व है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के लिए हम आम नागरिक उतना योगदान नहीं दे पाते, जितना हमें देना चाहिए।
भूमि पेडनेकर के करियर की शुरुआत
भूमि ने साल 2015 में फिल्म 'दम लगाके हईशा' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की, जिसमें उनके काम की जमकर तारीफ हुई। इसके बाद उन्होंने 'टॉयलेट एक प्रेम कथा', 'शुभ मंगल सावधान', 'बाला', 'पति पत्नी और वो', 'सांड की आंख', 'बधाई दो' और 'भक्षक' जैसी कई बेहतरीन फिल्मों और वेब सीरीज दलदल में काम किया है।
कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में कर चुकी हैं काम
अभिनय में आने से पहले भूमि ने यश राज फिल्म्स में लगभग छह साल तक सहायक कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में काम किया था। भूमि को आखिरी बार क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज 'दलदल' में देखा गया था, जो 30 जनवरी, 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज में भूमि ने मुंबई क्राइम ब्रांच की डीसीपी रीता फरेरा का मुख्य किरदार निभाया है।