Arijit: लाइव कॉन्सर्ट में शख्स ने खींचा अरिजीत सिंह का हाथ, चोटिल हुए सिंगर की प्रतिक्रिया का वीडियो वायरल
अरिजीत सिंह के लाइव कॉन्सर्ट में एक शख्स ने उनके हाथ खींच दिए। चोटिल होने के बाद सिंगर की प्रतिक्रिया का वीडियो वायरल हो रहा है।
विस्तार
मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह इस समय अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। जाने-माने गायक बीते दिन महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक लाइव कॉन्सर्ट कर रहे थे। इसी दौरान एक शख्स ने अरिजीत का हाथ तेजी से खींच दिया, जिस पर सिंगर ने अपना आपा नहीं खोया। इसी क्लिप को देखने के बाद फैंस अरिजीत के धैर्य की तारीफ करते और शख्स की क्लास लगाते नजर आ रहे हैं।
शख्स ने खींचा अरिजीत सिंह का हाथ
वायरल वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि यह उस वक्त का है, जब परफॉर्मेंस के दौरान अरिजीत अपने फैंस से बातचीत कर रहे थे। तभी एक शख्स ने उनसे हाथ मिलाने की कोशिश में उनका दायां हाथ तेजी से खींच दिया। इससे सिंगर का संतुलन बिगड़ा और वह चोटिल हो गए। शख्स के जरिए बदतमीजी किए जाने पर भी सिंगर का व्यवहार दिल जीतने वाला है। वीडियो में अरिजीत कहते नजर आ रहे हैं, 'आप मुझे खींच रहे हैं, प्लीज स्टेज पर आ जाइए।'
विज्ञापन विज्ञापन
अरिजीत सिंह ने नहीं खोया आपा
इसके आगे अरिजीत सिंह कहते सुने जा रहे हैं, 'सुनिए, मैं स्ट्रगल कर रहा हूं, ठीक है। आपको यह समझना होगा।' सिंगर ने अपनी बात को जारी रखा और आगे कहा, 'आप यहां मजे करने के लिए हैं, कोई समस्या नहीं है। लेकिन अगर मैं प्रदर्शन नहीं कर पा रहा हूं, तो आप मजा नहीं कर पा रहे हैं, यह बहुत आसान है। आप मुझे ऐसे खींच रहे हैं, अब मेरे हाथ कांप रहे हैं। क्या मैं चला जाऊं?'
The Kerala Story: द केरल स्टोरी पर नहीं थम रहा विवाद, पश्चिम बंगाल की ममता सरकार ने लगाया फिल्म पर प्रतिबंध
फैंस दे रहे वीडियो पर प्रतिक्रिया
अरिजीत की बात सुनकर वहां मौजूद भीड़ 'नहीं' चिल्लाती है। ऑडियंस की बात सुनने के बाद अरिजीत ने वापस उस शख्स से कहा, 'आपने मुझे इस तरह क्यों खींचा? मेरा हाथ अभी कांप रहा है। मैं अपना हाथ नहीं हिला सकता।' सिंगर का यह वीडियो सामने आते ही लाइमलाइट में छा गया है। एक यूजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, 'जिस तरह से उन्होंने अपना आपा नहीं खोया, और अभी भी मीठे तरीके से समझा रहे हैं।' दूसरे ने लिखा, 'एक कलाकार अपने हर एक प्रशंसक के लिए बिना रुके चार घंटे अपने जुनून और दिल के साथ प्रदर्शन करता है। कृपया संगीत का आनंद लें और इसे सुनने का आनंद लें, लेकिन विनम्र रहें। यह सचमुच कल के लाइव कॉन्सर्ट से दिल तोड़ने वाला है।'