Vijay Babu: एक्टर विजय बाबू पर एक और महिला ने लगाया गंभीर आरोप, कहा- उसने शराब पीकर मुझे...
अभिनेता के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज होने के बाद वह कहीं छुप गए हैं। गुरुवार को कोच्चि पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। अभिनेता पर फेसबुक लाइव वीडियो में महिला के नाम का खुलासा करने के लिए भी केस दर्ज किया गया है।
विस्तार
मलयालम अभिनेता-निर्माता विजय बाबू के मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। उन पर बलात्कार की शिकायत दर्ज होने के बाद अब एक और महिला ने उन पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। महिला ने शुक्रवार को फेसबुक पेज वूमन अगेंस्ट सेक्शुअल हैरेसमेंट के पेज पर बताया कि अभिनेता ने उन्हें जबरन किस करने की कोशिश की थी।
बलात्कार का मामला दर्ज होने के बाद अभिनेता कहीं छुप गए हैं। गुरुवार को कोच्चि पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया, अभिनेता पर फेसबुक लाइव वीडियो में अपने ऊपर आरोप लगाने वाली महिला के नाम का खुलासा करने के लिए भी केस दर्ज किया गया है। उन पर यौन उत्पीड़न का नया आरोप ऐसे समय में आया है जब उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए केरल उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
महिला ने फेसबुक पेज पर लिखा, 'यह नवंबर 2021 की घटना है। मैं फ्राइडे फिल्म हाउस के मालिक से काम के सिलसिले में मिलने गई हुई थी। हमने कुछ पेशेवर चीजों पर चर्चा की और बाद में व्यक्तिगत मुद्दे पर भी बात होने लगी। उसे लगा कि मुझे मदद की ज़रूरत है और उसने मेरी मदद करने की पेशकश की। इसके बाद मेरे साथ मौजूद दोस्त कमरे से बाहर चला गया।'
महिला ने बताया, 'वह शराब पी रहा था और उसने मुझे भी इसकी पेशकश की। मैंने मना कर दिया और अपना काम जारी रखा। अचानक वह मुझे किस करने की कोशिश करने लगा। मैं तुरंत पीछे हट गई। इसके बाद वह मुझसे माफी मांगने लगा। महिला ने बताया कि इस घटना के बाद वह काफी डर गई थीं इसके बाद वह तुरंत कमरे से बाहर चली गई। महिला ने बताया कि हाल ही में एक अभिनेत्री के साथ हुई घटना को पढ़ने के बाद उन्होंने अपनी साथ हुई घटना को लोगों के सामने लाने का फैसला किया था।