‘चांद मेरा दिल’ की आलोचनाओं के बीच फ्रांस में इस अंदाज में दिखीं अनन्या, बोलीं- ‘जिंदगी खूबसूरत है’
Ananya Panday: अनन्या पांडे को हाल ही में ‘चांद मेरा दिल’ में अपने एक डांस सीक्वंस को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इस बीच अब अनन्या की पहली पोस्ट सामने आई है। जानिए किस अंदाज में दिखीं अनन्या…
विस्तार
अभिनेत्री अनन्या पांडे हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ में नजर आई हैं। फिल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई है। लेकिन फिल्म में अनन्या पांडे को भरतनाट्यम फ्यूजन डांस सीक्वेंस को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है। इस बीच पिता चंकी पांडे ने भी अनन्या को सपोर्ट किया था। लेकिन ऐसा लगता है कि अनन्या इन आलोचनाओं से प्रभावित नहीं हुई हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी बहन रायसा पांडे के साथ फ्रांस में छुट्टियां मनाते हुए कुछ तस्वीरें साझा की हैं।
बहन के साथ अनन्या ने लिया छुट्टियों का आनंद
आज यानी गुरुवार को अनन्या पांडे ने इंस्टाग्राम पर अपनी छुट्टियों की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। एक तस्वीर में वह एक रेस्टोरेंट में खाना खाते हुए धूप का आनंद लेती नजर आईं। अन्य तस्वीरों में उन्हें पनीर और ब्रेड सहित कई अलग-अलग डिश का स्वाद लेते हुए देखा जा सकता है। जबकि कुछ तस्वीरों में वह अपनी बहन के साथ खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठाती नजर आईं।
एक अन्य तस्वीर में दोनों बहनें एक जैसी बूट्स पहने हुए एक साथ पोज देती नजर आईं। अनन्या ने पोस्ट के बैकग्राउंड में लता मंगेशकर का गाना 'हम तेरे प्यार में' लगाया और कैप्शन में लिखा, ‘जिंदगी खूबसूरत है।’ इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रायसा ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘एक हिट वंडर।’
View this post on Instagram
विवादित सीन में अनन्या ने किया फ्यूजन डांस
यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब अनन्या को फिल्म 'चांद मेरा दिल' के एक डांस सीक्वेंस को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जो ऑनलाइन वायरल हो गया है। फिल्म में अनन्या भरतनाट्यम नृत्यांगना की बेटी चांदनी का किरदार निभा रही हैं। विवादित सीन में उनका किरदार पारंपरिक भरतनाट्यम परफॉर्मेंस देने के बजाय भरतनाट्यम, हिप-हॉप और लॉकिंग का फ्यूजन करते हुए देखा जाता है।
विवेक सोनी द्वारा निर्देशित ‘चांद मेरा दिल’ में अनन्या पांडे और लक्ष्य मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन ने किया है। यह रोमांटिक ड्रामा दो कॉलेज स्टूडेंट आरव और चांदनी की कहानी है, जिनका रिश्ता तब बदल जाता है जब दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाता है। फिल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई है।