{"_id":"578464934f1c1b191d13d93b","slug":"amitabh-bachchan-s-aankhen-sequel-in-trouble","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमिताभ ने नहीं सोचा होगा, उनके साथ ऐसा भी होगा","category":{"title":"Bollywood","title_hn":"बॉलीवुड","slug":"bollywood"}}
अमिताभ ने नहीं सोचा होगा, उनके साथ ऐसा भी होगा
ब्यूरो/अमर उजाला, मुंबई
Updated Tue, 12 Jul 2016 09:10 AM IST
विज्ञापन
क्या ऐसा भी हो सकता है कि किसी फिल्म के लिए महानायक अमिताभ बच्चन राजी हों और उसमें काम करने को बाकी ऐक्टर न मिल रहे हों? जी हां, बात भले ही अजीब लगे परंतु फिल्मी दुनिया में पैसे की चमक नाम से कहीं अधिक हो चुकी है। वक्त बदल चुका है। यही वजह है कि विपुल शाह की आंखें (2002) के सीक्वल की लंबे समय से हुई घोषणा के बावजूद इसमें काम करने के लिए अमिताभ बच्चन के अलावा कोई अन्य सितारा हां नहीं कर रहा है। नतीजा यह कि बार-बार तारीखों की घोषणा के बावजूद सीक्वल लॉन्च नहीं हो पा रहा है। सूत्रों की मानें तो फिल्म के सीक्वल में पैसा लगाने वालों के साथ ऐक्टरों की भी दिलचस्पी नहीं है।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले आंखें के निर्माताओं ने सीक्वल बनाने की घोषणा करते हुए कहा था कि इसकी स्टारकास्ट भी पहली फिल्म की तरह मजबूत होगी। हालांकि उन्होंने किसी सितारे का नाम नहीं लिया था। सिर्फ इतनी खबरें आई थीं कि अमिताभ सीक्वल में काम करने के लिए तैयार हैं। सूत्रों की मानें तो निर्माताओं ने अक्षय कुमार के सामने 50 करोड़ की भारी भरकम रकम के साथ सीक्वल का प्रस्ताव रखा था परंतु उन्होंने इंकार कर दिया। इसके बाद सीनियर ऐक्टरों अनिल कपूर, जॉन अब्राहम से लेकर नए नवेले टाइगर श्रॉफ तथा दिशा पटनी का नाम भी सीक्वल के लिए सामने आया। मगर औपचारिक घोषणा नहीं हुई।
विज्ञापन
खबरें आई कि टाइगर ने हां कहने के बाद फिल्म से इंकार कर दिया क्योंकि निर्माता उनकी गर्लफ्रेंड दिशा की जगह किसी और को हीरोइन बनाना चाहते थे। सूत्रों की मानें तो कोई बड़ा सितारा आंखें के सीक्वल में फिलहाल दिलचस्पी दिखाता नजर नहीं आ रहा है। जबकि अमिताभ मीडिया साक्षात्कारों में कह चुके हैं कि उनकी आने वाली फिल्मों में आंखें का सीक्वल भी है।
विज्ञापन
आंखें में अमिताभ मुख्य भूमिका में थे और उनके साथ अक्षय कुमार, सुष्मिता सेन, अर्जुन रामपाल, परेश रावल और आदित्य पंचोली जैसे ऐक्टर थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाब थी। निर्माता गुरंग दोषी लगातार सीक्वल के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा था कि पांच जुलाई को वह फिल्म की आधिकारिक घोषणा करेंगे। परंतु ऐसा कुछ नहीं हुआ।