Aman Gupta: शार्क टैंक इंडिया की पॉपुलैरिटी पर बोले अमन गुप्ता, सास बहू सीरियल से ज्यादा देखा जा रहा बिजनेस शो
शार्क टैंक इंडिया 2 में कई जज भाग लेते है। शो में अमन गुप्ता भी बतौर जज नजर आते है। वह बोट कंपनी के मालिक है। अब उन्होंने शो की लोकप्रियता पर बात की है।
विस्तार
पहले सीजन में शानदार प्रदर्शन से लोगों को दिल जीतने वाला बिजनेस रियलिटी शो 'शार्क टैंक इंडिया' दूसरे सीजन को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। दो जनवरी 2023 से 'शार्क टैंक इंडिया सीजन 2' की शुरुआत हुई थी। इस शो से पहचान बनाने वाले अमन गुप्ता ने शो को लेकर बातें की हैं। उन्होंने बताया कि लोग सास-बहू की सीरियल से ज्यादा बिजनेस शो देख रहे हैं।
एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे अमन गुप्ता ने शो को मिल रहे दर्शकों के प्यार पर प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे लगता है यह बहुत अच्छा अवसर है। अब बच्चे कार्टून नहीं देखते हैं और बड़े सास-बहू के सीरियल नहीं देख रहे हैं बल्कि वह बिजनेस शो देख रहे हैं, वहां पर उन्हें मनोरंजन के अलावा सीख भी मिलती है। यह हमारे देश के लिए बहुत अच्छा है। लोग भारत में बदल रहे हैं। उन्हें अच्छी चीजें पसंद आती हैं। अमन ने यह भी कहा कि लोग एक बार फिर टीवी देखना शुरू कर चुके हैं। अन्यथा लोगों ने टीवी देखना बंद कर दिया था।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अमन गुप्ता ने कहा कि पहले लोग टीवी देखना बंद कर चुके थे लेकिन शार्क टैंक इंडिया के कारण दोबारा लोग ऐसा करने लगे हैं। बता दें कि इस शो में उनके अलावा विनीता सिंह, नमिता थापर, अनुपम मित्तल, पीयूष बंसल और अमित जैन नजर आते हैं।
सोनी चैनल पर आने वाले बिजनेस रियलिटी शो शार्क टैंक को दर्शकों का पूरा प्यार मिल रहा है। इसके अनोखे कॉन्सेप्ट के चलते यह काफी चर्चाओं में रहता है। नए कारोबारियों को अपने नए विचारों को उड़ान देने में यह शो मदद करता है। शार्क टैंक इंडिया बिजनेस की चाह रखने वाले लोगों को अपने उद्यमिता के सपनों को पूरा करने का मौका देता है। इस शो में अनुभवी निवेशकों और कारोबार विशेषज्ञों के सामने इन नए उद्यमियों को अपने विचार पेश करने के लिए बेहद रोचक मौका मिलता है।
यह भी पढ़ें: केंडल जेनर को दुनिया की सबसे सुंदर महिला बताने पर भड़के ऐश्वर्या के फैंस, कुछ इस तरह लगाई क्लास