Alia Bhatt: 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के लिए करण जौहर ने आलिया को दी थी महज इतनी सी फीस, अभिनेत्री ने किया खुलासा
आलिया भट्ट बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में से एक हैं लेकिन अब अभिनेत्री ने अपनी पहली फिल्म से मिली फीस का खुलासा किया है।
विस्तार
आलिया भट्ट बॉलीवुड की दमदार अभिनेत्री हैं, जिनकी एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरती पर फैंस फिदा हैं। अभिनेत्री हर किरदार में खुद को ढाल लेने में माहिर हैं और इसी वजह से आलिया की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया है। अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत महज 19 साल की उम्र में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से की थी। इस फिल्म में उनके अंदाज को हर किसी ने पसंद किया। आलिया को इंडस्ट्री में कदम रखे लगभग 10 साल हो गए हैं और इन 10 वर्षों में अभिनेत्री ने बेशुमार दौलत कमाई। लेकिन अब आलिया भट्ट ने अपनी पहली फिल्म से हुई कमाई का खुलासा किया है।
दरअसल, आलिया भट्ट ने अपने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्हें फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के लिए कितनी फीस मिली थी। आलिया भट्ट के मुताबिक, उन्हें अपनी पहली फिल्म के लिए 15 लाख रुपये का चैक मिला था और इस चैक को उन्होंने अपनी मां सोनी राजदान के हाथों में सौंप दिया था।
आलिया ने कहा कि मैंने अपना पहला चैक अपनी मां के हाथ में सौंप दिया था और तब से ही वह मेरा फाइनेंस संभाल रही हैं। इसके आगे आलिया ने कहा, 'मैं नहीं जानती हूं कि मेरे अकाउंट में कितने पैसे हैं। ये सच है कि अमाउंट बड़ा होगा। लेकिन कितना है ये बात मैं नहीं जानती हूं। मेरी टीम ने हमेशा मुझसे कहा है कि आपको बैठकर पैसे फाइनेंस करने चाहिए। अब मैं एक बच्चे की मां बनने जा रही हूं तो वह इस पर भी नजर रखूंगी। आलिया ने ये भी खुलासा किया कि वह बिल्कुल भी पैसे खर्च नहीं करती हैं।
आलिया भट्ट के साथ फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी नजर आए थे। तीनों कलाकारों ने इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। वहीं, अब आलिया के पास कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। वह 'ब्रह्मास्त्र', 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' और 'जी ले जरा' में दिखाई देंगी। इसके अलावा, उनके पास एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट भी है।