अक्षय की सास हूं, ऐक्शन भी बढ़िया करूंगीः डिंपल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिंपल कपाड़िया अपनी पहली फिल्म ‘बॉबी’ और को नहीं भूली हैं। चालीस साल पहले उस फिल्म की शूटिंग के दौरान वह जितनी नर्वस थीं, आज भी कैमरे के सामने खड़े होकर वह उतना ही नर्वस महसूस करती हैं।
अपनी आने वाली फिल्म ‘व्हाट द फिश’ के प्रोमो रिलीज के मौके पर डिंपल ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ‘मैंने अपने कैरियर में जितने डायरेक्टरों के साथ काम किया, उनका सम्मान करते हुए यह कहना चाहूंगी कि राज कपूर आज भी मेरे पसंदीदा निर्देशक हैं। मैंने उनके जैसा डायरेक्टर नहीं देखा।
जब ‘बॉबी’ की शूटिंग हो रही थी तो वह पचास के पार थे... और मैं सिर्फ सोलह साल की। मुझे याद है वे जिस ढंग से चलते थे, देखते थे ...और मुझे डायलॉग्स की टोन समझाते थे कि इसे कुछ इस यूं बोलना है।
मैं सच कहूं कि पचास का होकर भी उन्हें बहुत अच्छे से मालूम था कि सोलह साल की लड़की के दिमाग में क्या होता है। उनके साथ काम करते हुए मुझे कुछ अलग नहीं करना होता था, जो वो करके दिखाते थे, बस उसे ही कैमरे के सामने करना होता था। उनकी कल्पना ने ही ‘बॉबी’ जैसी खूबसूरत लव स्टोरी को पर्दे पर साकार किया था।’
‘व्हाट द फिश’ हिंग्लिश कॉमेडी फिल्म है, जिसमें डिंपल एक सनकी अधेड़ महिला सुधा मिश्रा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का एक अहम किरदार ‘मिष्टी’ नाम की मछली है, जिसे सुधा मिश्रा ने पाला है।
फिल्म 13 दिसंबर को रिलीज होगी। नए जमाने के निर्देशकों के साथ काम करने के अनुभव पर डिंपल ने कहा, ‘मेरे जैसे ऐक्टरों के लिए यह बहुत ही खास मौका है।
सिनेमा तेजी से बदल रहा है और हमें इसका स्वागत करना चाहिए।’ डिंपल के अनुसार नए निर्देशकों का अपना अलग-अलग अंदाज है और वे काम के प्रति बहुत समर्पित हैं।
वे अपना काम परफेक्शन के साथ करते हैं। निर्देशक गुरमीत सिंह की इस कॉमेडी फिल्म में काम करने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो मैं सीरियस फिल्में देखना पसंद तक नहीं करती।
मुझे कॉमेडी फिल्में पसंद हैं। इसलिए मुझे इस फिल्म में काम करके बहुत ही मजा आया। मुझे तो लगता है कि मिष्टी (मछली) ने मुझे सुधा मिश्रा के रोल के लिए चुना, इसलिए यह फिल्म मुझ तक आई।’
वैसे मजाक करते हुए डिंपल यहीं नहीं रुकी और उन्होंने कहा कि आप याद रखिए, मैं अक्षय कुमार की सास हूं और ऐक्शन रोल भी बहुत बढ़िया ढंग से कर सकती हूं। मैं पर्दे पर उनकी मां का रोल निभा चुकी हूं...
पर कई बार लोग जिस तरह की प्रतिक्रियाएं देते हैं उसे देख कर लगता है कि वे मुझे अक्षय की दादी तक का रोल दे देना चाहते हैं।
डिंपल ने अक्षय की तारीफ में कोई कसर बाकी नहीं रखी और कहा कि वह सचमुच बहुत अच्छे दामाद हैं और परिवार में सबका बहुत खयाल रखते हैं।