पहली बार बिना मां और बहन के जन्मदिन मनाएंगे अजय देवगन के बेटे युग, सामने आई ये बड़ी वजह
अभिनेता अजय देवगन अपने बेटे युग का दसवां जन्मदिन पनवेल में स्थित अपने फार्म हाउस पर मनाने की तैयारी कर रहे हैं। युग का जन्मदिन 13 सितंबर को होता है जिसके लिए अजय ने खूब तैयारियां कर रखी हैं। हालांकि इस छोटे से समारोह में युग की मां यानी काजोल उपस्थित नहीं हो पाएंगी। दरअसल, काजोल इन दिनों सिंगापुर में पढ़ रही अपनी बेटी नीसा के साथ हैं। और सूत्रों ने बताया है कि वहां से हाल में स्वदेश लौटने की उनकी संभावनाएं कम ही हैं। इसलिए, युग को अपना जन्मदिन इस बार अपनी मां और बहन के बिना ही मनाना होगा।
अजय ने अपने बेटे के जन्मदिन के उपलक्ष में एक छोटा सा समारोह अपने पनवेल वाले फार्म हाउस पर रखा है। वहां उनके कुछ करीबी दोस्त और रिश्तेदार ही उपस्थित होंगे। हालांकि वीडियो कॉल के जरिए काजोल भी इस समारोह का ऑनलाइन हिस्सा बन पाएंगी। वैसे यह पहली बार ही होगा जब काजोल अपने बेटे के जन्मदिन पर उसके पास नहीं रहेंगी। काजोल की अनुपस्थिति में अजय अपने बेटे का पूरा ख्याल रख रहे हैं और अपनी फिल्मों पर कम ध्यान देकर युग को संभाल रहे हैं। युग के लिए इस दिन को खास बनाने की कोशिश में उन्होंने युग के पसंद का केक भी ऑर्डर कर दिया है।
अजय की बेटी नीसा सिंगापुर में यूनाइटेड वर्ल्ड कॉलेज ऑफ साउथ ईस्ट एशिया में पढ़ती हैं। विश्वव्यापी महामारी के इस दौर में काजोल अपनी बेटी को अकेला नहीं छोड़ना चाहती थीं। इसलिए, वह नीसा के पास सिंगापुर चली गईं और यहां अजय अपने बेटे के साथ रह गए। स्थितियां कुछ सामान्य होने तक काजोल अपनी बेटी के साथ सिंगापुर में ही रहने वाली हैं। अजय और काजोल को अंतिम बार पर्दे पर एक साथ इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई फिल्म 'तानाजी- द अनसंग वॉरियर' में देखा गया है।
अजय की अगली फिल्म 'भुज- द प्राइड ऑफ इंडिया' ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा वह अक्षय कुमार के साथ उनकी अगली फिल्म 'सूर्यवंशी' में भी एक्सटेंडेड कैमियो करते हुए नजर आएंगे। वैसे अजय अपने बेटे युग को भी शायद फिल्मों में लाने की ही तैयारी में हैं। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान एक प्रेरक और आशावादी गीत 'ठहर जा' की रचना की जिसमें युग ने एक सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई है।