बुधवार को अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ की कमाई घटी, बॉक्स ऑफिस पर पस्त हुई ‘कांथा’ और ‘हक’
Box Office Collection: इन दिनों सिनेमाघरों में कई फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। जानिए अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ के अलावा ‘कांथा’ और ‘हक’ का कलेक्शन बुधवार के दिन कितना रहा?
विस्तार
अजय देवगन की फिल्म को थिएटर में 6 दिन हो चुके हैं। फिल्म ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन अब बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई घटने लगी है। इसके साथ ही साउथ एक्टर दुलकर सलमान की फिल्म ‘कांथा’ भी रिलीज हुई, यह तो कलेक्शन के मामले में काफी कमजाेर साबित हो रही है। साथ ही यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ की कमाई भी अब लाखों में सिमटने लगी है। जानिए, इस फिल्म की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट।
‘दे दे प्यार दे 2’ का घटा कलेक्शन
सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ ने छठे दिन यानी बुधवार को 3.50 करोड़ रुपये कमाए। जबकि मंगलवार को इसने 5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस तरह देखें तो इस फिल्म की कमाई में काफी गिरावट आई है। फिल्म का कुल कलेक्शन भी 47.75 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म अब तक अपना आधा बजट भी हासिल नहीं कर सकी है। अजय देवगन की इस रोमांटिक काॅमेडी ड्रामा फिल्म में रकुल प्रीत एक्ट्रेस हैं। माधवन भी फिल्म में नजर आए।
‘कांथा’ बॉक्स ऑफिस पर हुई पस्त
साउथ फिल्म ‘कांथा’ ने बुधवार को यानी रिलीज के छठे दिन 1.60 करोड़ रुपये की कमाई। जबकि पांचवें दिन इसने 1.85 करोड़ रुपये कमाए थे। कुल कलेक्शन भी अब तक 19.10 करोड़ रुपये हो चुका है। यह फिल्म भी अपना आधा बजट अब तक वसूल नहीं कर पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स में इसका बजट 40 करोड़ रुपये बताया गया है।
फिल्म ‘हक’ महिला अधिकारों की बात करती है। इसमें यामी गौतम ने लीड रोल निभाया है। लेकिन फिल्म की कमाई बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छी नहीं है। ‘हक’ ने बुधवार यानी रिलीज के 13वें दिन 35 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। जबकि 12वें दिन इसने 45 लाख रुपये कमाए थे। फिल्म का कुल कलेक्शन 18.10 करोड़ रुपये हो चुका है। यामी गौतम की फिल्म का बजट 40 करोड़ रुपये है। इस धीमी गति से यह कमाई कर रही है, उससे लगता नहीं है कि अपना बजट वसूल भी कर पाएगी।