The Wonderment Tour: ए आर रहमान और श्यामक डावर की जोड़ी मचाएगी धूम, 'द वंडरमेंट टूर' का होगा शानदार आगाज
A R Rahman-Shiamak Davar: कोरियोग्राफर श्यामक डावर और संगीतकार ए आर रहमान की जोड़ी जल्द ही मुंबई में धूम मचाने वाली है। 'द वंडरमेंट टूर' के कॉन्सर्ट के लिए दोनों दिग्गज एक साथ मंच पर नजर आएंगे।
विस्तार
मुंबई में 3 मई 2025 को डीवाई पाटिल स्टेडियम में एक अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। भारत के दो दिग्गज कलाकार, एआर रहमान और मॉडर्न डांस के गुरु श्यामक डावर एक साथ मंच साझा करेंगे। यह मौका होगा 'द वंडरमेंट टूर' के वैश्विक प्रीमियर का, जिसे एआर रहमान ने परसेप्ट लाइव के साथ मिलकर तैयार किया है। इस भव्य कॉन्सर्ट को परसेप्ट लाइव, फेयर गेम और जो एंटरटेनमेंट ने को-प्रोड्यूस किया है। दोनों कलाकारों की यह जोड़ी दर्शकों को संगीत और नृत्य के जादुई सफर पर ले जाने की पूरी कोशिश करेगी।
एआर रहमान और श्यामक डावर की जोड़ी ने 'ताल' और 'किसना' जैसी फिल्मों में पहले भी कमाल दिखाया है। इन फिल्मों के गाने और डांस आज भी लोगों के दिलों में बसे हैं। अब 'द वंडरमेंट टूर' में यह जोड़ी फिर से अपनी कला का जलवा बिखेरेगी। रहमान के मधुर संगीत और श्यामक की शानदार कोरियोग्राफी का मेल इस कॉन्सर्ट को यादगार बनाने के लिए पूरा जोर लगाएगी।
Nasha: 'Raid 2' से तमन्ना भाटिया का 'नशा' गाना हुआ रिलीज, जबर्दस्त हॉट डांसिंग मूव्स ने छुड़ाए फैंस के पसीने
एआर रहमान ने इस कॉन्सर्ट के बारे में कहा, "श्यामक के साथ 'ताल' और 'किसना' का सफर खास था। मुझे यकीन है कि 'द वंडरमेंट टूर' में भी वह अपनी कला से जादू बिखेरेंगे। यह शो संगीत और नृत्य का उत्सव है और श्यामक से बेहतर इसके लिए कोई हो ही नहीं सकता।"
श्यामक डावर ने भी इस साझेदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, "रहमान के साथ काम करना हमेशा खुशी देता है। उनका संगीत सीधे दिल तक जाता है। इस टूर में हम उनके गानों को नृत्य के जरिए जीवंत करेंगे। यह कॉन्सर्ट दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और खुशी भरा अनुभव होगा, जो लंबे समय तक याद रहेगा।"
'द वंडरमेंट टूर' में रहमान के सदाबहार गानों के साथ-साथ अन्य मशहूर सिंगर्स और म्यूजिशियन्स का भी साथ होगा। यह कॉन्सर्ट 1 से 4 मई तक चलने वाले वेव्स समिट का हिस्सा है। मुंबई में होने वाला यह शो टूर का पहला पड़ाव है, जिसके बाद यह दुनिया के अलग-अलग शहरों में दर्शकों का मनोरंजन करेगा।