Heroes As a Villain: जब बॉलीवुड के इन हीरोज ने पर्दे पर दिखाई खलनायकी, सिनेमाघरों में खूब बजीं तालियां
एक कलाकार तभी सफल माना जाता है, जब वह हर तरह के किरदारों को बड़े पर्दे पर निभा पाए। इस बात को कई नामी हीरो ने सही साबित भी किया है। एक तरफ जहां उन्होंने फिल्मों में लीड हीरो के रोल किए, वहीं मौका मिलने पर विलेन के किरदार को भी बखूबी निभाया।ऐसे ही चार नामी हीरो के बारे में जानिए, जिन्होंने विलेन के किरदार को बड़े ही दमदार तरीके से निभाया।
बॉबी देओल
बॉबी देओल ने अपने करियर की शुरुआत में हीरो की मुख्य भूमिकाएं निभाईं। इसके साथ वह कई फिल्मों में कॉमेडी भी करते हुए नजर आए। लेकिन पिछले कुछ सालों में बॉबी देओल ने खुद को बतौर एक्टर एक्सप्लोर करने का सोचा और फिल्मों, वेब सीरीज में विलेन की भूमिकाओं को स्वीकार किया। वेब सीरीज 'आश्रम' में उन्होंने विलेन का किरदार ही निभाया है। वह इस सीरीज में बाबा निराला की भूमिका में थे, जो अपने भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़ करता है। इस किरदार में बॉबी को काफी सराहा गया। लेकिन पिछले साल रिलीज हुई रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'एनिमल' में बॉबी देओल ने अबरार का रोल निभाकर दर्शकों को, फिल्म समीक्षकों को हैरान कर दिया। महज 15 मिनट के रोल में, वह इतने खूंखार नजर आए कि दर्शक उनके लिए तालियां बजाने को मजबूर हो गए। खुद बॉबी देओल भी बतौर विलेन अपने काम से काफी खुश हुए, इस बात को वह कई इंटरव्यूज में भी कह चुके हैं।
अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने तो अपने लंबे एक्टिंग करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। लेकिन 'डॉन (1978)' फिल्म में निभाया उनका विलेन का रोल कैसे कोई भूल सकता है। फिल्म में थोड़ी देर के लिए ही सही वह विलेन की भूमिका में नजर आते हैं, लेकिन दर्शकों के जेहन में गहरी छाप छोड़ते हैं। वहीं इसी फिल्म में हीरो की भूमिका में भी वही थे। तो इस तरह अमिताभ बच्चन को भी एक ही फिल्म में हीरो और विलेन दोनों की भूमिका निभाने का अवसर मिला।
सैफ अली खान
सैफ अली खान ने भी अपने फिल्मी करियर की शुरुआत चॉकलेटी हीरो के तौर पर की थी। उन्होंने शुरुआती फिल्मों में रोमांटिक, लवर बॉय के रोल किए। लेकिन सैफ अली खान ने भी विलेन का किरदार निभाकर, दर्शकों को हैरान कर दिया। उन्होंने फिल्म 'ओमकारा (2006)' में लंगड़ा त्यागी का नकारात्मक किरदार निभाया था। फिल्म में उनकी एक्टिंग जहां कमाल की थी, वहीं उनका लुक भी काफी अलग किस्म का था। पर्दे पर जब-जब सैफ अली खान नजर आए तो दर्शकों की वाहा-वाही लुट ले गए। इसी तरह से उन्होंने एक और फिल्म 'ताण्हाजी (2020)' में विलेन का बेहतरीन किरदार निभाया। इस फिल्म में सैफ अली खान, उदयभान सिंह राठौर की भूमिका में थे। फिल्म के लिए जितनी तारीफ लीड रोल निभाने वाले अजय देवगन को मिली, उतनी ही तारीफ सैफ अली खान के हिस्से भी आई क्योंकि उन्होंने अपने नकारात्मक किरदार को बड़े ही उम्दा ढंग से निभाया था।
गोविंदा
एक्टर गोविंदा अपनी कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। लेकिन उन्होंने भी विलेन का रोल अपनी एक फिल्म में किया था, यह फिल्म थी 'सैंडविच डबल ट्रबल (2006)' । यह भी एक कॉमेडी फिल्म थी। फिल्म में गोविंदा दर्शकों को खूब हंसाते हैं लेकिन फिल्म के अंत में आकर विलेन का किरदार प्लास्टिक सर्जरी करा लेता है और गोविंदा के किरदार के जैसा लगने लगता है। इस तरह से गोविंदा फिल्म 'सैंडविच' में ही हीरो और विलेन दोनों किरदार निभाते हैं।