रहस्यमयी हवेली, काली बिल्ली और मिथ, चेतावनी के साथ अरबाज की 'काल त्रिघोरी' का टीजर रिलीज; मिलेगा हॉरर का डोज
Kaal Trighori Teaser Out: अरबाज खान परदे पर वापसी कर रहे हैं। वह भी सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म से, जिसका नाम है 'काल त्रिघोरी'। इस फिल्म का आज सोमवार को टीजर जारी हुआ है और शुरुआत में ही मेकर्स ने चेतावनी दी है।
विस्तार
इन दिनों सिनेमाघरों में मैडॉक की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'थामा' लगी है। अब इसको टक्कर देने के लिए इसी महीने रिलीज हो रही है 'काल त्रिघोरी', जो एक सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म है। अरबाज खान, ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, महेश मांजरेकर और आदित्य श्रीवास्तव अभिनीत इस फिल्म की रिलीज से पहले आज सोमवार को टीजर जारी किया गया है, जो काफी धमाकेदार है।
आत्माओं की दुनिया में डर का साया
फिल्म का टीजर पेन मूवीज के यूट्यूब चैनल से साझा किया गया है। शुरुआत में चेतावनी है, 'अच्छे अनुभव के लिए हेडफोन का इस्तेमाल करें'। इसके के बाद का सीन सिहरन पैदा करने वाला है। बैकग्राउंड से भूतिया आवाज आती है। एक रहस्यमयी हवेली पर बिजली कड़कती है। इस हवेली पर काल मंडरा रहा है। इसके अंदर एक अजीब डरावनी गुड़िया है। इसके बाद एक काली बिल्ली नजर आती है, जो आत्माओं को देख सकती है'।
कब रिलीज होगी फिल्म?
इस हवेली के अंदर जांच के लिए पहुंचे लोगों को अजीबो-गरीब रहस्यों का पता चलता है। डरावनी गुड़िया को न छूने की नसीहत दी जाती है और काली बिल्ली रक्षक बन सकती है। कुल मिलाकर एक अलग ही डरावनी दुनिया है। यह फिल्म 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर 05 नवंबर को रिलीज होगा।
'तेरे इश्क में' का नया गाना 'उसे कहना' हुआ रिलीज, गाने में दिखी धनुष और कृति सेनन की दर्दनाक प्रेम कहानी
ये सितारे भी निभाएंगे अहम रोल
फिल्म के निर्देशन की कमान नितिन वैद्य ने संभाली है। उन्होंने ही इसे लिखा है। वहीं, शिरीष वैद्य, नितिन घटालिया और मानसुख तलसानिया ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में राजेश शर्मा, मुग्धा गोडसे और अन्य कलाकार भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे। फिल्म के जरिए दर्शकों को सस्पेंस, हॉरर और थ्रिलर का डोज मिलेगा। फिलहाल टीजर पर दर्शकों के सकारात्मक रिएक्शन आ रहे हैं। साथ ही अरबाज खान की वापसी पर भी उत्साहित दिख रहे हैं।