'सात वैनिट वैन; पचास लोग'; अनीता कंवल का खुलासा; कहा- स्टार्स के तामझाम और फीस का असर छोटे सितारों पर पड़ता है
Anita Kanwal On Stars High Fees: चर्चित अभिनेत्री अनीता कंवल ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि बड़े सितारों की मोटी फीस और तामझाम अक्सर फिल्म का पूरा बजट खा जाती हैं, जिसकी वजह से कैरेक्टर एक्टर्स की फीस में कटौती होती है।
विस्तार
'ससुराल गेंदा फूल' फेम अभिनेत्री अनीता कंवल का कहना है कि बड़े सितारों की मांगे अक्सर फिल्म के बजट पर असर डालती हैं। कई बार बड़े बजट की फिल्मों में भी ऐसा देखने को मिलता है कि स्टार्स की अच्छी-खासी फीस और वैनिटी वैन सहित अन्य मांगों के चलते जूनियर कलाकारों की फीस पर कैंची चलती है। उन्होंने कहा कि बड़े बजट की फिल्मों के मुख्य कलाकार इतनी ज्यादा फीस लेते हैं कि 250 करोड़ रुपये की फिल्म में भी कैरेक्टर एक्टर्स को अपनी फीस में कटौती करनी पड़ती है।
'कैरेक्टर एक्टर्स के बजट में होती है कटौती'
अभिनेत्री अनीता कंवल को 'बनेगी अपनी बात' और 'सोनपरी' जैसे चर्चित शो में देखा गया है। हाल ही में सिद्धार्थ कनन के साथ एख इंटरव्यू में उन्होंने इंडस्ट्री को लेकर चौंकाने वाली बातें कहीं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि बड़े कलाकार बहुत ज्यादा फीस लेते हैं और अपने साथ एक बड़ा लाव-लश्कर लेकर आते हैं। इससे फिल्म का ज्यादातर बजट उन्हीं पर खर्च हो जाता है और बाकी जगहों पर कटौती करनी पड़ती है।
'सात वैनिटी वैन और 50 लोग...'
अभिनेत्री ने सितारों की भारी-भरकम सैलरी और कई वैनिटी वैन की अतिरिक्त मांगों के बारे में खुलकर बात की, जिनकी वजह से उनके जूनियर को-स्टार्स की फीस का बजट कम हो जाता है। उन्होंने कहा, 'मैं यह बात एक कैरेक्टर एक्टर के तौर पर कह रही हूं। वे (टॉप एक्टर्स) प्रोड्यूसर का बहुत सारा बजट खा जाते हैं। ये सात वैनिटी वैन और आस-पास 50 लोग लेकर चलते हैं। इसकी वजह से हमारे लिए कुछ भी नहीं बचता। असलियत यही है। जैसे ही बात कैरेक्टर एक्टर्स पर आती है, तो 250 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म में भी, हमारी फीस में कटौती कर दी जाती है।
साझा किया एक किस्सा, जब हाथ से निकला रोल
इसी बातचीत में अनीता कंवल ने एक ऑडिशन से जुड़ा किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा, 'एक असिस्टेंट ने मुझसे अपना परिचय देने को कहा। मैंने कहा, 'मैं अनीता कंवल हूं और मैं तब से एक्टिंग कर रही हूं, जब आपमें से ज्यादातर लोग पैदा भी नहीं हुए थे'। इसके बाद, वे सब चुप हो गए। जाहिरर है, मुझे वह रोल नहीं मिला'।