Rajkumar Periasamy: 'अमरन' के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने फिल्म के लिए भूषण कुमार से मिलाया हाथ, जताई खुशी
'अमरन' के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने अपनी नई पैन इंडिया फिल्म के लिए टी-सीरीज के भूषण कुमार के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया है, जिसकी जानकारी उन्होंने पोस्ट साझा कर दी।
विस्तार
टी-सीरीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भूषण कुमार ने बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म के लिए मशहूर तमिल फिल्ममेकर राजकुमार पेरियासामी के साथ एक सहयोग की घोषणा की है। अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म अमरन की सफलता से उत्साहित निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने एक नए प्रोजेक्ट के लिए टी-सीरीज के निर्माता भूषण कुमार के साथ मिलकर काम करने को लेकर अपनी खुशी भी साझा की।
राजकुमार ने जताया उत्साह
टी-सीरीज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दोनों की एक तस्वीर शेयर कर इस खबर की घोषणा की। राजकुमार ने इसे शेयर करते हुए लिखा, 'एक ऐसी कहानी जिसे मैं हमेशा से बताना चाहता था और एक ऐसा सहयोग जो इसे और भी खास बनाता है। मुझे आप सभी की दुआओं और आशीर्वाद की जरूरत है।'
A story that I have always wanted to tell and a collaboration that makes it even more special! I’ll need all your prayers and blessings!
— Rajkumar Periasamy (@Rajkumar_KP) January 6, 2025
Thank you #Bhushankumar sir @TSeries #TSeries #Krishankumar #KrishanKumar @NeerajKalyan_24 https://t.co/kb4dlw8qc5
2025 के अंत में शुरू होगा निर्माण
वे 2025 के अंत में निर्माण शुरू करने के लिए तैयार हैं। यह प्रोजेक्ट फिल्ममेकर और प्रोडक्शन कंपनी दोनों के लिए एक रोमांचक शुरुआत है, जो अपनी अनोखी कहानी के साथ पूरे भारत में दर्शकों को आकर्षित करने में जुटे हुए हैं। परियोजना से संबंधित अन्य विवरण अभी सामने नहीं आए हैं। इस बीच राजकुमार वर्तमान में तमिल सुपरस्टार धनुष की आगामी फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं, जिसका नाम अस्थायी रूप से डी55 रखा गया है । इस फिल्म का निर्माण सुष्मिता अनबुचेजियन ने गोपुरम फिल्म्स के बैनर तले किया है।
'अमरन' की सफलता का जश्न मना रहे राजकुमार
राजकुमार ने 2017 की रंगून से अपनी शुरुआत की। उनकी दूसरी फिल्म 'अमरन' में शिवकार्तिकेयन और साई पल्लवी मुख्य भूमिका में थे। इसमें दिवंगत भारतीय नायक मेजर मुकुंद वरदराजन की जीवन गाथा बताई गई, जो भारतीय सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स चीता कंपनी का नेतृत्व करने वाले एक सम्मानित सैनिक थे। मेजर मुकुंद अप्रैल 2014 में कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया गया। सोनी पिक्चर्स फिल्म्स इंडिया के साथ साझेदारी में राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा निर्मित अमरन 31 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसने पहले दिन दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 42.3 करोड़ रुपये की भारी कमाई की।