{"_id":"6a439c8e4ff550a8740e28ca","slug":"alfa-toxic-ramayan-to-king-list-of-bollywood-upcoming-movies-of-2026-shahrukh-khan-alia-bhatt-ranbir-kapoor-2026-06-30","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सिनेमाघरों में मनेगा त्योहार, 'टॉक्सिक' से लेकर 'किंग' तक हर महीने होगा मनोरंजन; आने वाली हैं ये बड़ी फिल्में","category":{"title":"Entertainment","title_hn":"मनोरंजन","slug":"entertainment"}}
सिनेमाघरों में मनेगा त्योहार, 'टॉक्सिक' से लेकर 'किंग' तक हर महीने होगा मनोरंजन; आने वाली हैं ये बड़ी फिल्में
Thu, 02 Jul 2026 06:00 AM IST
गोधूलि श्रीवास्तव
एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला
Published by: गोधूलि श्रीवास्तव
Updated Thu, 02 Jul 2026 06:00 AM IST
सार
Bollywood Upcoming Release: साल 2026 में जुलाई से दिसंबर तक कई बड़े बजट की फिल्में आ रही हैं। आलिया भट्ट की 'अल्फा' से लेकर यश की 'टॉक्सिक' तक सिनेमाघरों में कई फिल्मों का जलवा दिखाई देगा। जानिए इन फिल्मों के बारे में...
विज्ञापन
2026 की दूसरी छमाही में रिलीज होंगी ये बड़ी फिल्में
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर फिल्में तो कई रिलीज हुईं पर अब तक सिर्फ एक ही पांच सौ और हजार करोड़ी फिल्म (धुरंधर 2) बनी है। शुरुआती छमाही में कई बड़े-छोटे बजट की फिल्में रिलीज हुईं जिन्होंने करोड़ों का करोबार किया। मगर यह सिर्फ ट्रेलर था। असली फिल्म तो अब शुरू होगी।
जुलाई से लेकर दिसंबर 2026 यानी साल की अगली छमाही में सिनेमाघरों में कई बड़े बजट और बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में रिलीज होंगी। इनमें से तीन फिल्मों से तो बॉक्स ऑफिस पर हजार करोड़ का आंकड़ा पार करने की पूरी-पूरी उम्मीद भी है। जानिए इन अपकमिंग बिग बजट फिल्मों के बारे में...
विज्ञापन
जुलाई से लेकर दिसंबर 2026 यानी साल की अगली छमाही में सिनेमाघरों में कई बड़े बजट और बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में रिलीज होंगी। इनमें से तीन फिल्मों से तो बॉक्स ऑफिस पर हजार करोड़ का आंकड़ा पार करने की पूरी-पूरी उम्मीद भी है। जानिए इन अपकमिंग बिग बजट फिल्मों के बारे में...
विज्ञापन
फिल्म 'अल्फा' और 'धमाल 4'
- फोटो : सोशल मीडिया
जुलाई में 'अल्फा' बनेंगी आलिया
2026 के जुलाई महीने में दो बहुप्रतिक्षित फिल्में रिलीज होने वाली हैं। पहली यशराज स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'अल्फा' जिसमें कमाल की एक्शन थ्रिलर हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ है 'धमाल -4' जिसमें कॉमेडी देखने मिलेगी।अल्फा
फिल्म 'अल्फा' 3 जुलाई को रिलीज होगी। फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इतना ही नहीं फिल्म में ऋतिक रोशन कैमियो रोल में भी हैं, जिसे ट्रेलर में मेकर्स ने सरप्राइज के तौर पर पेश किया था। फिल्म का निर्देशन शिव रवेल ने किया है।
धमाल 4
'धमाल 4', 10 जुलाई को रिलीज होगी। पिछली धमाल फ्रेंचाइजी की तरह ही इस बार भी फिल्म से कॉमेडी और मनोरंजन का तड़का लगाने की उम्मीद है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, अरशद वारसी समेत कई बड़े स्टार्स हैं। इसका निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है।
विज्ञापन
अगस्त 2026 में रिलीज होने वाली फिल्में
- फोटो : सोशल मीडिया
अगस्त में मचेगा असली घमासान
प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकमफिल्म 'प्रहार' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें 26/11 के आतंकी हमलों के दोषी आतंकवादी कसाब को फांसी दिलाने के लिए लड़ने वाले वकील उज्जवल निकम की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में राजकुमार राव, वामिका गब्बी, सिकंदर खेर और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसे अविनाश अरुण ने निर्देशित किया है।
आवारापन 2
फिल्म 'आवारापन 2', 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह 2007 में आई कल्ट क्लासिक फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। नितिन कक्कर निर्देशित इस फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में है।
मातृभूमि
सलमान खान और चित्रांगद सिंह अभिनीत फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' भी इसी दिन रिलीज होनी है। यह फिल्म पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से जानी जा रही थी। यह साल 2020 में भारत और चीन के बीच LAC पर हुए गलवान घाटी संघर्ष की सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के उस जांबाज कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। पहले यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। अब खबर है कि यह 14 अगस्त को रिलीज होगी।
बंटवारा 1947
फिल्म 'बंटवारा 1947' भी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म भारत और पाकिस्तान के बंटवारे पर आधारित है। इसमें सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल , करण देओल अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। वहीं आमिर खान इसके प्रोड्यूसर हैं।
टॉक्सिक
फिल्म 'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च को रिलीज हाेने वाली थी। वहां 'धुरंधर 2' से इसकी टक्कर होती पर आखिरी वक्त पर मेकर्स ने इसे जून तक खिसका दिया। फिर जून में भी यह रिलीज नहीं हो पाई। अब इसकी रिलीज डेट 26 अगस्त बताई जा रही है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहन दास ने किया है। इसमें सुपरस्टार यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया मुख्य किरदार में नजर आएंगी।
ईठा
फिल्म 'ईठा' ने अपने ट्रेलर रिलीज के साथ ही दर्शकों के दिल में एक खास जगह बना ली है। फिल्म लावणी कलाकार वविठाबाई नारायणगांवकर की जीवनी पर आधारित है। फिल्म में श्रद्धा कपूर, रणदीप हुडा, मोहम्मद जीशान अय्यूब मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। यह 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सितंबर 2026 में रिलीज होने वाली फिल्में
- फोटो : सोशल मीडिया
सितंबर में 'मिर्जापुर' काटेगी बवाल
मिर्जापुर द मूवी
ओटीटी पर वेबसीरीज के रूप में धमाल मचाने के बाद 'मिर्जापुर' सीरीज अब एक नई कहानी के साथ सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म में अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, पंकज त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार और रवि किशन समेत कई बड़े कलाकार मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है।
रणबाली
फिल्म 'रणबाली' रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी के बाद साथ रिलीज होने वाली पहली फिल्म है। यह 11 सितंबर को रिलीज होगी। फिल्म की कहानी ब्रिटिश भारत के दौर की है।
हैवान
अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 साल बाद इस फिल्म में साथ दिखाई देंगे। फिल्म 11 सितंबर को रिलीज होने वाली है। इसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। यह 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का रीमेक है। अक्षय और सैफ के अलावा श्रेया पिलगांवकर, बोमन ईरानी और सैयामी खेर भी अहम किरदार में नजर आएंगी।
आखिरी तिमाही में रिलीज होने वाली फिल्में
- फोटो : X
ईयरएंड में भिड़ेंगे शाहरुख और रणबीर
अक्तूबर में दृश्यम 3फिल्म 'दृश्यम-3' के पिछले दो पार्ट दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे। अब इसका तीसरा भाग यानी फिल्म 'दृश्यम 3', 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म में अजय देवगन, प्रकाश राज ,तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
नवंबर में रामायण
रणबीर कपूर स्टारर मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' का पहला भाग 8 नवंबर को रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर के अलावा सई पल्लवी, यश और सनी देओल समेत कई कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
दिसंबर में किंग
फिल्म 'किंग' का इंतजार फैंस को काफी वक्त से है। इसमें शाहरुख खान पहली बार बेटी सुहाना के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे। इसमें अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण भी अहम किरदारों में होंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है। यह 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शक्ति शालिनी
24 दिसंबर को ही मैडॉक की अगली फिल्म 'शक्ति शालिनी' भी रिलीज होनी है। फिल्म की लीड एक्ट्रेस अनीत पड्डा हैं। अपनी पहली रोमांटिक फिल्म 'सैयारा' के बाद इसमें वो बिल्कुल ही अलग अवतार में नजर आएंगी। यह एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। फिल्म की कास्ट में नाना पाटेकर, विनीत कुमार सिंह, विशाल जेठवा, सीमा बिस्वास जैसे कलाकार भी शामिल हैं।