US Student Visa: अमेरिकी राजदूत का बड़ा एलान, इस गर्मियों में 30 फीसदी बढ़ाएंगे स्टूडेंट वीजा साक्षात्कार
US Student Visa: मुंबई में यूएस कांसुल जनरल माइक हैंके ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका का लक्ष्य इस गर्मी में भारतीय छात्रों के लिए वीजा साक्षात्कार की नियुक्तियों में 30 प्रतिशत की वृद्धि करना है।
विस्तार
मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्यदूत माइक हैंके ने यूएस में पढ़ने जाने वाले भारतीय छात्रों को लेकर बड़ा एलान किया है। मुंबई में यूएस कांसुल जनरल माइक हैंके ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका का लक्ष्य इस गर्मी में भारतीय छात्रों के लिए वीजा साक्षात्कार की नियुक्तियों में 30 प्रतिशत की वृद्धि करना है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने भारत में छात्रों के लगभग 1.25 लाख वीजा आवेदनों पर कार्यवाही की। औरंगाबाद की अपनी यात्रा के दौरान, हैंके ने उद्यमियों के साथ बैठकें कीं और डॉ बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय का भी दौरा किया तथा छात्रों से संवाद किया।
माइक हैंके ने कहा कि पिछले साल, हमने 1.25 लाख से अधिक भारतीय छात्रों को अमेरिका भेजा, एक साल में भारतीय छात्रों के अमेरिका जाने का एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया और भारतीय छात्रों को दाखिला देने वाले अग्रणी देश के रूप में स्वयं को स्थापित किया। इस वर्ष हम छात्रों की उस संख्या को और बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
अमेरिकी महावाणिज्यदूत ने कहा कि हमारा लक्ष्य इस गर्मी में छात्रों के लिए इंटरव्यू अप्वॉइंटमेंट की संख्या में 30 फीसदी की बढ़ोतरी करना है। हमें अमेरिका में और भारतीय छात्रों का स्वागत करने की उम्मीद है।
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास मुंबई ने ट्वीट किया कि मराठवाड़ा क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, अपनी विरासत के संरक्षण की दिशा में प्रयासों और शहर के व्यापारिक समुदाय के साथ सहयोग के क्षेत्रों के बारे में जानने के लिए हैंके ने संरक्षणवादी और उद्योगपति मुकुंद भोगले से मुलाकात की। उन्होंने वैश्विक एयरोस्पेस और रक्षा आपूर्ति श्रृंखला का समर्थन करने के लिए एल्युमीनियम की आपूर्ति पर एक औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बातचीत की।
कमेंट
कमेंट X