Skill India: एयरोस्पेस और ड्रोन टेक्नोलॉजी सीखने का सुनहरा मौका! स्किल इंडिया हब पर ऑनलाइन कोर्सेज की शुरुआत
Aviation and Drone Technology: भारत सरकार के स्किल इंडिया डिजिटल हब प्लेटफॉर्म पर छात्रों एवं पेशेवरों के लिए एयरोस्पेस और एविएशन से जुड़े ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की गई है। ऑनलाइन कोर्स का लाभ 10वीं, 12वीं, आईटीआई और डिप्लोमा धारक ले सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Skill India Online Course: एयरोस्पेस और एविएशन एक ऐसा क्षेत्र है, जहां युवाओं के लिए नौकरी के अवसर तो लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इस क्षेत्र से संबंधित ज्ञान और कौशल की कमी के कारण उपयुक्त अभ्यर्थी नहीं मिल पा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के स्किल इंडिया डिजिटल हब प्लेटफॉर्म पर छात्रों एवं पेशेवरों के लिए एयरोस्पेस और एविएशन से जुड़े ऑनलाइन कोर्स की शुरुआत की गई है।
स्किल इंडिया डिजिटल हब के बारे में
स्किल इंडिया डिजिटल हब एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां युवाओं को ऑनलाइन स्किल आधारित कोर्स, अप्रेंटिसशिप और सीखने के माध्यम से कौशल निखारने का मौका मिलता है। एयरोस्पेस और एविएशन के ऑनलाइन कोर्स का लाभ 10वीं, 12वीं, आईटीआई और डिप्लोमा धारक ले सकते हैं, जिसमें एविएशन इंडस्ट्री और ड्रोन टेक्नोलॉजी से संबंधित कौशल को सिखाया जाएगा।
कस्टमर सर्विस एक्सीलेंस (एविएशन)
इस फ्री ऑनलाइन कोर्स के जरिये एविएशन इंडस्ट्री के आवश्यक ज्ञान और कौशल जैसे उसके विभिन्न एप्लीकेशन, ग्राहक सेवा के सिद्धांत और कस्टमर सर्विस आदि सॉफ्ट कौशल से परिचित करवाया जाएगा। अंग्रेजी माध्यम का यह कोर्स रिलायंस फाउंडेशन स्किलिंग अकादमी की ओर से प्रदान किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से आप इस क्षेत्र में ग्राहक संबंधी सेवाओं में विशेषज्ञता हासिल कर पाएंगे।
फाउंडेशन ऑफ ड्रोन टेक्नोलॉजी
ड्रोन टेक्नोलॉजी पर आधारित यह फ्री ऑनलाइन कोर्स आपको ड्रोन तकनीक के मूल सिद्धांतों से परिचित कराएगा, जिसमें ड्रोन का डिजाइन, संचालन और रखरखाव शामिल है। कोर्स के माध्यम से आपको कृषि, निर्माण, मनोरंजन और सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के ड्रोन एप्लीकेशन के बारे में बताया जाएगा, जिसके बाद आप ड्रोन को चलाने और प्रोग्रामिंग करने में पूरी तरह से कुशल होंगे। इससे इतर विभिन्न क्षेत्रों में भी ड्रोन एप्लीकेशन की बारिकियों को समझने में सक्षम होंगे। कोर्स पूरा करने के पश्चात आप ड्रोन से संबंधित कंपनियों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए इंटर्नशिप या प्रवेश स्तर की नौकरी से अपने कॅरिअर की शुरुआत कर सकते हैं।
इंट्रोडक्शन टू ड्रोन टेक्नोलॉजी
यह कोर्स ड्रोन के बारे में विभिन्न जानकारी प्रदान करता है, जिसमें ड्रोन के प्रकार, विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुप्रयोग और इस क्षेत्र में कॅरिअर के विभिन्न अवसर जैसे विषय शामिल हैं। कोर्स के जरिये आप ड्रोन के काम करने के पीछे की तकनीक, उसकी कार्यक्षमता और वास्तविक दुनिया में उसके उपयोग जैसी विभिन्न तकनीकियों को बारीकी से सीखेंगे। कोई भी छात्र या पेशेवर 499 रुपये की मामूली फीस देकर इस कोर्स में शामिल हो सकते हैं।
सर्टिफिकेट की सुविधा
एयरोस्पेस और एविएशन के किसी भी कोर्स को पूरा करने के पश्चात आपको कोर्स से संबंधित सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। यदि आप इस कोर्स के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो स्किल इंडिया के आधिकारिक लिंक skillindiadigital.gov.in. पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X