राजस्थान बोर्ड परीक्षा पर अपडेट: फरवरी में नहीं होंगी 10वीं-12वीं की परीक्षाएं, आरबीएसई ने बताई बदलाव की वजह
- राजस्थान बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर पहले जारी कार्यक्रम में बदलाव किया है।
- बोर्ड अब फरवरी 2027 में परीक्षाएं आयोजित नहीं करेगा। नई तारीखों का एलान होना बाकी है।
- बोर्ड ने इस बदलाव के पीछे की वजह भी बताई है।
विस्तार
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं 2027 के कार्यक्रम में बदलाव किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जनगणना (Census) के कारण दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी 2027 में आयोजित नहीं की जाएंगी। बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है। इसके साथ ही पहले जारी परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव हो गया है। हालांकि, अभी तक नई परीक्षा तारीखों की घोषणा नहीं की गई है।
16 फरवरी से शुरू होनी थीं परीक्षाएं
इससे पहले राजस्थान बोर्ड ने 7 नवंबर 2026 को घोषणा की थी कि कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने परीक्षा के समय में भी बदलाव किया था। पहले परीक्षा सुबह 8:30 बजे से शुरू होनी थी, जिसे बदलकर सुबह 10:30 बजे कर दिया गया था। लेकिन अब जनगणना के कारण फरवरी में परीक्षा नहीं कराने का निर्णय लिया गया है। नई तारीखें जारी होने के बाद विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम देख सकेंगे।
RBSE Board Exam 2027: महत्वपूर्ण जानकारी
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| बोर्ड का नाम | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) |
| कक्षाएं | 10वीं और 12वीं |
| परीक्षा वर्ष | 2027 |
| पहले घोषित परीक्षा तारीख | 16 फरवरी 2027 |
| फरवरी में परीक्षा | आयोजित नहीं होगी |
| बदलाव का कारण | जनगणना |
| नई परीक्षा तारीख | अभी घोषित नहीं |
| मॉडल पेपर | जारी |
| पासिंग मार्क्स | प्रत्येक विषय में 33% |
| आधिकारिक वेबसाइट | rajeduboard.rajasthan.gov.in |
राजस्थान बोर्ड परीक्षा के लिए मॉडल पेपर जारी, ऐसे करें डाउनलोड
राजस्थान बोर्ड ने 2027 की परीक्षाओं में शामिल होने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विषयवार मॉडल प्रश्नपत्र भी जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी इनकी मदद से परीक्षा की तैयारी और अभ्यास कर सकते हैं। मॉडल पेपर में संभावित प्रश्नों और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के आधार पर अभ्यास सामग्री दी गई है। इन्हें हल करने से विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र के पैटर्न, अंक योजना और प्रश्नों के प्रकार समझने में मदद मिल सकती है। बोर्ड की वेबसाइट पर 2010 से 2026 तक के पिछले वर्षों के मॉडल प्रश्नपत्र भी उपलब्ध हैं।
RBSE मॉडल पेपर डाउनलोड करने का तरीका
- सबसे पहले RBSE की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर बाईं ओर दिए गए 'Books/Old Papers/Model Questions' विकल्प पर क्लिक करें।
- अपनी कक्षा यानी 10वीं या 12वीं का चयन करें।
- संबंधित वर्ष और विषय चुनें।
- मॉडल प्रश्नपत्र की PDF डाउनलोड कर लें।
राजस्थान बोर्ड परीक्षा में पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
राजस्थान बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में पास होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।

कमेंट
कमेंट X