QS Asia Rankings 2025: एशिया की टॉप यूनिवर्सिटीज की लिस्ट जारी, आईआईटी बॉम्बे को पछाड़ आगे निकला आईआईटी दिल्ली
QS Asia University Rankings 2025: क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 जारी हो चुकी है। एशिया में टॉप यूनिवर्सिटीज की लिस्ट में आईआईटी दिल्ली 44वें स्थान पर पहुंच है, जबकि आईआईटीबी 48वें स्थान पर खिसक गया।
विस्तार
QS Asia University Rankings 2025: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने आईआईटी बॉम्बे को पछाड़कर क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में भारत में शीर्ष स्थान हासिल किया है। एशिया में टॉप यूनिवर्सिटीज की लिस्ट में आईआईटी दिल्ली 44वें स्थान पर पहुंच है, जबकि आईआईटीबी 48वें स्थान पर खिसक गया।
आईआईटी दिल्ली ने 'पीएचडी वाले स्टाफ' सूचक में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि आईआईटी बॉम्बे शैक्षणिक प्रतिष्ठा (Academic Reputation) और नियोक्ता प्रतिष्ठा (Employer Reputation) मापदंडों में सर्वश्रेष्ठ बना हुआ है।
टॉप-100 में शामिल 6 भारतीय विश्वविद्यालय
इसके अलावा, प्रति संकाय शोधपत्रों के मामले में एशिया के शीर्ष पांच विश्वविद्यालयों में से चार भारतीय हैं। अन्ना विश्वविद्यालय ने इस सूचकांक में अपनी छाप छोड़ी और दूसरा स्थान प्राप्त किया। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में एशिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में 6 भारतीय विश्वविद्यालय भी शामिल हैं।
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईटीडी) - रैंक 44
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे (आईआईटीबी) - रैंक 48
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IITM) - रैंक 56
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर (IIT-KGP) - रैंक 60
- भारतीय विज्ञान संस्थान - रैंक 62
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर (IITK) - रैंक 67
दक्षिण एशिया में आईआईटी दिल्ली टॉप पर
दक्षिण एशियाई श्रेणी में, जिसमें भारत और पाकिस्तान के विश्वविद्यालय शामिल हैं, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आईआईटीडी) ने 308 विश्वविद्यालयों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। दक्षिण एशियाई श्रेणी में शीर्ष 10 विश्वविद्यालयों में 7 भारतीय विश्वविद्यालय शामिल हैं।
यह रैंकिंग विश्वविद्यालयों द्वारा निम्नलिखित मापदंडों पर प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाती है: अंतर्राष्ट्रीय संकाय, पीएचडी वाले कर्मचारी, संकाय-छात्र अनुपात, इनबाउंड एक्सचेंज, शैक्षणिक प्रतिष्ठा, प्रति पेपर उद्धरण, प्रति संकाय पेपर, अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान नेटवर्क, अंतर्राष्ट्रीय छात्र, आउटबाउंड एक्सचेंज और नियोक्ता प्रतिष्ठा।
कमेंट
कमेंट X