Delhi Nursery Admission 2022-23 : दिल्ली के निजी स्कूलों में 15 दिसंबर से शुरू होने वाले हैं दाखिले, पढ़िए क्या हैं दिशा-निर्देश
दिल्ली सरकार ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के निजी स्कूलों में 2022-23 शैक्षणिक वर्ष के लिए प्रवेश स्तर की कक्षाओं - नर्सरी, किंडरगार्टन और कक्षा पहली में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होगी।
विस्तार
दिल्ली के निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होगी। महामारी के कारण, अत्यंत प्रतिस्पर्धी 'नर्सरी प्रवेश' प्रक्रिया, 2021-2022 सत्र के लिए काफी विलंबित हो गई थी और फरवरी में शुरू हो पाई थी। इस साल भी प्रवेश प्रक्रिया काफी हद तक पिछले वर्षों के कार्यक्रम के अनुरूप है।
7 जनवरी तक करना होगा आवेदन
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सभी निजी स्कूलों को 14 दिसंबर तक अपना प्रवेश मानदंड अपलोड करना होगा और आवेदन प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू होगी। आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 7 जनवरी है। पहली सूची चयनित उम्मीदवारों की और प्रतीक्षा सूची 4 फरवरी को स्कूलों द्वारा जारी की जाएगी। इसके बाद, दूसरी सूची, यदि कोई हो, 21 फरवरी को जारी की जाएगी, और बाद में कोई भी सूची 15 मार्च को जारी की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया 31 मार्च को बंद हो जाएगी।
यह है दिशा-निर्देश
यह कार्यक्रम दिल्ली के निजी स्कूलों में प्रवेश स्तर की कक्षाओं - नर्सरी, केजी या कक्षा पहली में प्रवेश के लिए हैI जिस मानदंड के आधार पर प्रवेश होगा, वह स्कूलों द्वारा तैयार किया जाएगा। हालांकि शिक्षा निदेशालय द्वारा "भेदभावपूर्ण" मानदंडों के खिलाफ कुछ निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके मुताबिक माता-पिता की शिक्षा योग्यता, उनके भोजन और पीने की आदतों (शाकाहार और शराब गैर-उपभोक्ता), उनके पेशेवर क्षेत्र या किसी भी तरह की विशेषज्ञता, मौखिक परीक्षण या साक्षात्कार, या पहले आओ-पहले पाओ प्रणाली पर विचार करना शामिल है। अधिकांश स्कूल आमतौर पर आवेदकों को स्कूल से उनकी दूरी, स्कूल में भाई-बहन होने और माता-पिता के पूर्व छात्र होने पर अंक आवंटित करते हैं।
योग्यता मानदंड
सर्कुलर के अनुसार, डीओई ने नर्सरी, किंडरगार्टन और कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 31 मार्च, 2022 तक क्रमश: 4, 5 और 6 की ऊपरी आयु सीमा तय की है। इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 31 मार्च, 2022 तक क्रमशः 3, 4 और 5 वर्ष होनी चाहिए। पिछले वर्षों के अनुरूप, इन कक्षाओं के लिए न्यूनतम और ऊपरी आयु सीमा में प्रवेश के लिए 30 दिनों तक की आयु में छूट स्कूल के प्रमुख द्वारा दी जा सकती है, जिसके लिए माता-पिता आवेदन जमा कर सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X