PhD Answer Key 2023: पीएचडी प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी, इन संस्थानों में मिलेगा एडमिशन
NTA PhD Answer Key 2023: एनटीए ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2023 की अंतरिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल रहे उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं।
विस्तार
NTA PhD Entrance Answer Key 2023: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2023 की अंतरिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (BBAU) की प्रवेश परीक्षा में भाग लिया है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट phd-entrance.samarth.ac.in पर जाकर इसे चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
अंतरिम कुंजी को दे सकते हैं चुनौती
डीयू, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, बीबीएयू पीएचडी प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी के साथ, एनटीए ने प्रश्न पत्र और उम्मीदवारों की रिकॉर्ड की गई प्रतिक्रियाएं भी अपलोड की हैं। जो उम्मीदवार अंतरिम कुंजी में दिए गए उत्तरों से संतुष्ट नहीं हैं, वे प्रति प्रश्न 200 रुपये के गैर-वापसी शुल्क का भुगतान कर इसे चुनौती दे सकते हैं। यह सुविधा 10 नवंबर रात 11 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों को वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करानी होंगी क्योंकि एनटीए किसी अन्य माध्यम से स्वीकार नहीं करेगा।
एनटीए ने नोटिस जारी कर कहा है कि उम्मीदवारों की तरफ से उठाई गई चुनौतियों का सत्यापन विषय विशेषज्ञों के पैनल द्वारा किया जाएगा। सही पाए जाने पर उत्तर कुंजी को उसके अनुसार संशोधित किया जाएगा। संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर, परिणाम तैयार और घोषित किया जाएगा। किसी भी व्यक्तिगत उम्मीदवार को उसकी चुनौती की स्वीकृति/अस्वीकृति के बारे में सूचित नहीं किया जाएगा। चुनौती के बाद विशेषज्ञों द्वारा अंतिम रूप दी गई कुंजी ही अंतिम होगी।
कमेंट
कमेंट X